एमबाप्पे ने विश्व कप नॉकआउट में गोल का नया रिकॉर्ड बनाया, मेस्सी पर दबाव बढ़ाया
एमबाप्पे ने विश्व कप नॉकआउट में गोल का नया रिकॉर्ड बनाया, मेस्सी पर दबाव बढ़ाया
ईस्ट रदरफोर्ड, एक जुलाई (एपी) स्टार फुटबॉलर काइलियन एमबाप्पे ने फ्रांस की स्वीडन के खिलाफ 3-0 से जीत में दो गोल करके विश्व कप के नॉकआउट राउंड में सर्वाधिक गोल करने का नया रिकॉर्ड बनाया जिससे वह फुटबॉल के सबसे बड़े मंच पर सर्वाधिक गोल करने के लियोनेल मेस्सी के रिकॉर्ड के करीब भी पहुंच गए।
एमबाप्पे ने 45वें मिनट में एक शानदार क्रॉसओवर शॉट से फ्रांस को बढ़त दिलाई। यह विश्व कप के नॉकआउट राउंड में उनका नौवां गोल था जो विश्व रिकॉर्ड है। उन्होंने ब्राजील के दिग्गज लियोनिडास और रोनाल्डो (दोनों आठ-आठ गोल) को पीछे छोड़ा।
वह यहीं पर नहीं रुके और उन्होंने मैच के 74वें मिनट में अपना दूसरा गोल करके विश्व कप नॉकआउट राउंड में अपने कुल गोल की संख्या 10 तक पहुंचा दी।
इस गोल से एमबाप्पे के मौजूदा टूर्नामेंट में अब छह गोल हो गए हैं और उन्होंने सर्वाधिक गोल करने के लिए मिलने वाले गोल्डन बूट की दौड़ में अर्जेंटीना के फॉरवर्ड मेस्सी की बराबरी कर ली है।
विश्व कप करियर में उनके कुल गोल की संख्या 18 हो गई है, जो मेस्सी के रिकॉर्ड से सिर्फ एक कम है। एमबाप्पे ने विश्व कप में अब तक कुल 18 जबकि मेस्सी ने 29 मैच खेले हैं।
फ्रांस अब अपने अगले मैच में पराग्वे का सामना करेगा। एमबाप्पे से जब मैदान से बाहर आते समय पूछा गया कि क्या वह पराग्वे का सामना करने के लिए पहले से ही उत्साहित हैं, तो उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा, ‘‘मैं चेंजिंग रूम और एसी में जाने के लिए बेताब हूं।’’
एमबाप्पे ने यह टिप्पणी भीषण गर्मी को लेकर की। यह मैच जब शाम को पांच बजे शुरू हुआ तब तापमान 90 डिग्री फ़ारेनहाइट (32 डिग्री सेल्सियस) था और उमस भी काफी थी।
एमबाप्पे ने कहा, ‘‘मैंने पहले भी कहा था कि मैं इस विश्व कप का पूरा आनंद लेना चाहता हूं। मैं यह नहीं कह रहा हूं कि मैंने पिछले विश्व कप का आनंद नहीं लिया, लेकिन तब मैं युवा था। मेरा ध्यान सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने पर था लेकिन अब मुझे विश्वास है कि मैं अच्छा प्रदर्शन करने के साथ खेल का आनंद भी ले सकता हूं।’’
स्वीडन के कोच ग्राहम पॉटर ने भी उनकी सराहना करते हुए कहा, ‘‘यह तो स्पष्ट है कि मैप्प (एमबाप्पे) एक बेहद प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं। उनका गोल उनकी गति, दिशा बदलने की क्षमता और तेजी से शॉट लगाने की काबिलियत का बेहतरीन उदाहरण था। उनका खेल अविश्वसनीय रूप से शीर्ष स्तर का है।’’
एपी
पंत
पंत

Facebook


