एमसीए ने टी20 मुंबई लीग का कार्यक्रम जारी किया, मैच एक जून से शुरू होंगे

एमसीए ने टी20 मुंबई लीग का कार्यक्रम जारी किया, मैच एक जून से शुरू होंगे

एमसीए ने टी20 मुंबई लीग का कार्यक्रम जारी किया, मैच एक जून से शुरू होंगे
Modified Date: May 15, 2026 / 08:04 pm IST
Published Date: May 15, 2026 8:04 pm IST

मुंबई, 15 मई (भाषा) मुंबई क्रिकेट संघ (एमसीए) ने शुक्रवार को टी20 मुंबई लीग के चौथे सत्र और इसके साथ ही शुरू हो रही पहली महिला लीग के मुकाबलों का कार्यक्रम जारी कर दिया।

यह टूर्नामेंट एक जून से 13 जून तक चलेगा जिसमें शहर के कुछ जाने-माने और उभरते हुए खिलाड़ी मैदान पर खेलते नजर आएंगे।

चौदह दिनों तक चलने वाले प्रतियोगिता की शुरुआत पहले दिन होने वाले दो बड़े मैच (डबल-हेडर) से होगी।

दोपहर के मैच में यशस्वी जायसवाल की टीम बांद्रा ब्लास्टर्स का मुकाबला शार्दुल ठाकुर की टीम ईगल ठाणे स्ट्राइकर्स से होगा जबकि शाम के मैच में तुषार देशपांडे की टीम मुंबई साउथ सेंट्रल मराठा रॉयल्स का सामना सरफराज खान की टीम आकाश टाइगर्स मुंबई वेस्टर्न सबअर्ब्स से होगा।

महिला लीग के मैच सुबह 9:30 बजे शुरू होंगे जबकि पुरुषों के टूर्नामेंट में लीग चरण के दौरान दोपहर दो बजे और शाम सात बजे मैच खेले जाएंगे।

पुरुषों के टूर्नामेंट में आठ टीमें हिस्सा लेंगी जिनमें से हर टीम लीग चरण में पांच-पांच मैच खेलेगी। लीग में शीर्ष पर रहने वाली चार टीमें 11 जून को होने वाले सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी।

महिला लीग में तीन टीमें सोबो मुंबई फाल्कन्स, ठाणे स्काई राइजर्स और आकाश टाइगर्स मुंबई वेस्टर्न सबअर्ब्स हिस्सा लेंगी। इस लीग की शुरुआत दो जून से होगी।

उद्घाटन मैच में साइमा ठाकुर की कप्तानी वाली ठाणे स्काई राइजर्स का मुकाबला सयाली सतघरे की कप्तानी वाली सोबो मुंबई फाल्कन्स से होगा।

तीनों टीमें लीग चरण में चार-चार मैच खेलेंगी जिनमें से शीर्ष पर रहने वाली दो टीमें फाइनल में जगह बनाएंगी।

भाषा नमिता आनन्द

आनन्द


लेखक के बारे में