IND vs ENG 4th T20 Highlights: फिर फ्लॉप हुई भारतीय टॉप आर्डर, इंग्लैंड ने जीता चौथा टी20 मुकाबला… ये दो धुरंधर रहे जीत के हीरो
IND vs ENG 4th T20 Highlights: फिर फ्लॉप हुई भारतीय टॉप आर्डर, इंग्लैंड ने जीता चौथा टी20 मुकाबला... ये दो धुरंधर रहे जीत के हीरो
IND vs ENG 4th T20 Highlights/Photo Creadit: X
- इंग्लैंड ने 13.5 ओवर में लक्ष्य हासिल किया
- श्रेयस अय्यर की नाबाद 80 रन की शानदार पारी भी भारत को हार से नहीं बचा सकी
- इंग्लैंड ने द्विपक्षीय टी20 सीरीज जीतकर 3-0 की अजेय बढ़त बना ली
ब्रिस्टल। IND vs ENG 4th T20 Highlights: कप्तान हैरी ब्रूक और फिल सॉल्ट के अर्धशतक और दोनों के बीच शतकीय साझेदारी से इंग्लैंड ने गुरूवार को यहां चौथे टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर के अर्धशतक पर पानी फेरते हुए नौ विकेट की एकतरफा जीत के साथ पांच मैच की श्रृंखला में 3-0 की विजयी बढ़त बना ली। इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ पहली बार द्विपक्षीय टी20 श्रृंखला जीती। भारत ने आयरलैंड के खिलाफ पिछली श्रृंखला 0-2 से गंवाई थी जिससे उसे अय्यर की कप्तानी में पिछले छह मैच में से पांच में हार का सामना करना पड़ा। मौजूदा श्रृंखला का पहला मैच बारिश की भेंट बढ़ गया था।
भारत के 159 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड ने ब्रूक (नाबाद 79 रन, 35 गेंद, आठ चौके, चार छक्के) और सलामी बल्लेबाज सॉल्ट ( नाबाद 59 रन, 42 गेंद, नौ चौके, एक छक्का) के बीच दूसरे विकेट की 146 रन की अटूट साझेदारी की बदौलत 13.5 ओवर में एक विकेट पर 159 रन बनाकर आसान जीत दर्ज की।
भारत ने अय्यर की 49 गेंद में चार चौकों और पांच छक्कों से नाबाद 80 रन की पारी और शिवम दुबे (22) के साथ चौथे विकेट के लिए उनकी 53 रन की साझेदारी से सात विकेट पर 158 रन बनाए थे। अय्यर के अलावा भारत का कोई अन्य बल्लेबाज लय में नजर नहीं आया। कप्तान ने भारतीय पारी में आधे से अधिक रन बनाए। इंग्लैंड की ओर से तेज गेंदबाजों जोफ्रा आर्चर और जोश टंग ने क्रमश: 20 और 36 रन देकर दो-दो विकेट चटकाए।
IND vs ENG 4th T20 Highlights लक्ष्य का पीछा करने उतरे इंग्लैंड की शुरुआत भी खराब रही और टीम ने तीसरे ओवर में अर्शदीप सिंह की गेंद पर जोस बटलर (08) का विकेट गंवा दिया जिन्होंने विकेटकीपर इशान किशन को कैच थमाया। ब्रूक और सॉल्ट ने हालांकि इसके बाद भारतीय गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया। ब्रूक ने आते ही अर्शदीप पर छक्के से खाता खोला। सॉल्ट ने प्रिंस यादव का स्वागत तीन चौकों के साथ किया जबकि अगले ओवर में प्रसिद्ध कृष्णा पर भी तीन चौके मारे। इंग्लैंड ने पावर प्ले में एक विकेट पर 62 रन बनाए।
ब्रूक ने 21 गेंद में पूरा किया अर्धशतक
ब्रूक ने आठवें ओवर में वाशिंगटन सुंदर को निशाना बनाते हुए उनके ओवर में तीन चौकों और एक छक्के से 19 रन बटोरे और फिर अगले ओवर में अपना 100वां टी20 अंतरराष्ट्रीय खेल रहे अक्षर पटेल की लगातार गेंदों पर चौके और छक्के के साथ सिर्फ 21 गेंद में अर्धशतक पूरा किया और टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया। सॉल्ट ने भी प्रसिद्ध पर दो चौकों के साथ 34 गेंद में लगातार दूसरा अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने अर्शदीप की गेंद पर चौका और फिर एक रन के साथ इंग्लैंड को लक्ष्य तक पहुंचाया।
खराब रही भारत की शुरुआत
IND vs ENG 4th T20 Highlights इससे पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरे भारत की शुरुआत खराब रही जब वैभव सूर्यवंशी एक बार फिर नाकाम रहे और सिर्फ 15 रन बनाने के बाद आर्चर की गेंद को मिड ऑन पर सैम कुरेन के हाथों में खेल गए। इशान किशन भी सिर्फ चार रन बनाने के बाद टंग की गेंद पर शॉर्ट थर्ड मैन पर कुरेन को आसान कैच दे बैठे। भारत ने पावर प्ले में दो विकेट पर 44 रन बनाए।
कप्तान अय्यर अच्छी लय में नजर आए। उन्होंने टंग और कुरेन पर चौके जड़ने के बाद आर्चर की गेंद को दर्शकों के बीच पहुंचाया। सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा हालांकि 14 गेंद में 16 रन बनाकर स्पिनर आदिल राशिद को उन्हीं की गेंद पर कैच दे बैठे जिससे भारत का स्कोर तीन विकेट पर 48 रन हो गया। अय्यर ने राशिद की गेंद पर भी छक्का जड़ा जबकि दुबे ने भी टंग और कुरेन की गेंद को बाउंड्री के दर्शन कराए।
अंतिम दो ओवर में बना सकी आठ रन
भारत के रनों का शतक 13वें ओवर में पूरा हुआ लेकिन विल जैक्स के इसी ओवर में दुबे ने टॉम बेंटन को कैच थमा दिया। उन्होंने 23 गेंद की अपनी पारी में दो चाके मारे। अय्यर ने राशिद पर चौके और छक्के के साथ 33 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। तिलक वर्मा (11) ने जोश टंग पर छक्का जड़ा लेकिन अगली गेंद को बैकवर्ड प्वाइंट पर रेहान अहमद के हाथों में खेल गए। अय्यर ने 18वें ओवर में राशिद को निशाना बनाते हुए उनकी लगातार गेंदों पर दो छक्के और एक चौके के साथ टीम के 150 रन पूरे किए लेकिन भारतीय टीम अंतिम दो ओवर में आठ रन ही बना सकी।
ये भी पढ़ें

Facebook


