ब्रिजटाउन (बारबाडोस), 20 जुलाई (एपी) मार्क चैपमैन ने 80 रन बनाए और मिचेल सैंटनर ने निचले क्रम के बल्लेबाजों के साथ अच्छा तालमेल बिठाया जिससे न्यूजीलैंड को रविवार को चौथे एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में वेस्टइंडीज पर एक विकेट से रोमांचक जीत दर्ज करके पांच मैचों की श्रृंखला में 3-1 की अजेय बढ़त हासिल कर ली।
न्यूजीलैंड को जब तीन रन की जरूरत थी और एक विकेट हाथ में था, तभी सैंटनर को जीवनदान मिला। अंतिम बल्लेबाज जेडन लेनोक्स विकेटकीपर के हाथों कैच आउट और एलबीडब्ल्यू के लिए ‘रिव्यू’ से बचे। इसके बाद न्यूजीलैंड ने 35 गेंदें शेष रहते वेस्टइंडीज के 188 (सभी आउट) के स्कोर को नौ विकेट खोकर पार कर दिया।
न्यूजीलैंड के कप्तान सैंटनर ने 45वें ओवर की पहली गेंद पर विजयी रन बनाया। वह 34 रन बनाकर नाबाद रहे जिससे वेस्टइंडीज की सीरीज बराबर करने की उम्मीदों पर पानी फिर गया।
वेस्टइंडीज इस मैच में जीत हासिल करके गैरी सोबर्स को उनके गृह नगर ब्रिजटाउन और केंसिंग्टन ओवल में श्रद्धांजलि अर्पित करना चाहता था। यह वही स्टेडियम है जहां उन्होंने अपने करियर को संवारा और नाम कमाया। सोबर्स का शुक्रवार को 89 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था। दोनों टीमों ने उनकी याद में काली पट्टी बांधी और झंडे आधे झुकाए गए।
सोबर्स के नाम पर बने पवेलियन में दो सीटें खाली छोड़ दी गईं और खेल शुरू होने से पहले एक मिनट का मौन रखा गया।
वेस्टइंडीज के बल्लेबाज हालांकि फिर से नहीं चल पाए। एक समय उसका स्कोर छह पर विकेट पर 81 रन था। इसके बाद आमिर जांगू और गुडाकेश मोती के बीच सातवें विकेट के लिए 81 रन की साझेदारी की। जांगू ने 71 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा करते हुए 51 रन बनाए जबकि मोती ने 41 रन का योगदान दिया। मोती ने बाद में 47 रन देकर पांच विकेट भी लिए।
न्यूजीलैंड ने पहला मैच सात विकेट से गंवाने के बाद दूसरा मैच पांच विकेट से और तीसरा मैच छह विकेट से जीता था।
एपी
पंत
पंत