न्यूजीलैंड बनाम पाकिस्तान महिला विश्व कप मैच बारिश के कारण रद्द, दक्षिण अफ्रीका सेमीफाइनल में पहुंचा
न्यूजीलैंड बनाम पाकिस्तान महिला विश्व कप मैच बारिश के कारण रद्द, दक्षिण अफ्रीका सेमीफाइनल में पहुंचा
कोलंबो, 18 अक्टूबर (भाषा) न्यूजीलैंड और पाकिस्तान के बीच महिला विश्व कप मैच शनिवार को लगातार बारिश के कारण रद्द कर दिया गया जिससे दक्षिण अफ्रीका का सेमीफाइनल में पहुंचना तय हो गया।
भारी बारिश के कारण मैच दो बार बाधित हुआ और पहली पारी में सिर्फ 25 ओवर का ही खेल हो सका। बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर पाकिस्तान ने 25 ओवर में पांच विकेट पर 92 रन बनाए।
यह श्रीलंका के इस मैदान पर बिना किसी नतीजे के समाप्त होने वाला चौथा मैच था। इससे पहले श्रीलंका बनाम ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका बनाम न्यूजीलैंड और इंग्लैंड बनाम पाकिस्तान के मैच रद्द हो चुके थे। न्यूजीलैंड और पाकिस्तान दोनों के पिछले दो-दो मैच बारिश की भेंट चढ़ गए थे।
शनिवार के नतीजों से दक्षिण अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया के बाद सेमीफाइनल में पहुंचने वाली दूसरी टीम बन गई। न्यूजीलैंड पांचवें स्थान पर बना हुआ है, जबकि सबसे निचले स्थान पर काबिज पाकिस्तान टूर्नामेंट से बाहर हो गया है।बारिश ने मैच में जब पहली बार खलल डाला तब पाकिस्तान का स्कोर 12.2 ओवर में तीन विकेट पर 52 रन था। दोपहर में एक घंटे से ज्यादा समय तक हुई बारिश के बाद मैच को 46-46 ओवर का कर दिया गया।
स्थानीय समयानुसार शाम 5:35 बजे खेल दोबारा शुरू होने पर पाकिस्तान ने कुछ और विकेट गंवा दिए और स्कोर पांच विकेट पर 92 रन हो गया।
न्यूजीलैंड के लिए ली ताहुहु ने दो जबकि जेस केर, अमेलिया केर और ईडन कार्सन ने एक-एक विकेट लिया।
मुनीबा अली के 22 रनों की बदौलत सकारात्मक शुरुआत करने वाला पाकिस्तान की बल्लेबाजी एक बार फिर लड़खड़ा गयी। टीम ने बिना किसी नुकसान के 30 रन से 52 रन तक तीन विकेट गवां दिये।
बारिश के कारण रुकावट के बाद खेल दोबारा शुरू होने के बाद भी पाकिस्तान की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ
दूसरी बार बारिश के कारण खेल रोके जाते समय टीम का स्कोर पांच विकेट पर 92 रन हो चुका था। आलिया रियाज 28 रन बनाकर नाबाद रही।
भाषा आनन्द पंत
पंत

Facebook


