नयी दिल्ली, 25 अप्रैल (भाषा) दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी को दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के बीच शनिवार को यहां आईपीएल मैच के दौरान गंभीर चोट लगने के बाद एंबुलेंस से स्थानीय अस्पताल ले जाया गया लेकिन अब उनकी हालत स्थिर है और उन्हें जल्द ही छुट्टी मिल जाएगी।
जीत के लिए 265 रन का पीछा कर रही पंजाब किंग्स की पारी के तीसरे ओवर में कप्तान अक्षर पटेल की गेंद पर प्रियांश आर्या के शॉट पर मिड-ऑफ पर खड़े एनगिडी कैच लेने के लिए पीछे की ओर भागे, लेकिन गेंद का सही अनुमान नहीं लगा सके और संतुलन बिगड़ने के कारण गिर पड़े। इस दौरान उनका कंधा और सिर जोर से जमीन से टकराया।
मैदान पर गिरते ही एनगिडी ने तुरंत अपना सिर पकड़ लिया और कुछ समय तक जमीन पर ही स्थिर रहे। वह कुछ मिनट तक मैदान पर लेटे रहे, जिसके बाद टीम के फिजियो और डॉक्टर तुरंत मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच के दौरान उनकी गर्दन को स्थिर रखने के लिए नेक ब्रेस लगाया गया।
उन्हें मेडिकल जांच के लिए तुरंत यहां पूसा रोड स्थित मैक्स अस्पताल ले जाया गया।
आईपीएल ने बताया कि 30 वर्षीय दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने सिरदर्द और गर्दन में दर्द की शिकायत की थी, लेकिन फिलहाल उनकी हालत स्थिर है।
आईपीएल ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘दिल्ली कैपिटल्स के लुंगी एनगिडी का सिर पंजाब किंग्स के खिलाफ अपनी टीम के मैच के दौरान कैच लेने की कोशिश करते समय जमीन से टकरा गया। सिरदर्द और गर्दन में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें एम्बुलेंस से अस्पताल ले जाया गया। ’’
इसमें कहा गया, ‘‘एनगिडी की हालत स्थिर है और उन्हें जल्द ही अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी। विप्रज निगम ‘कनकशन सब्स्टीट्यूट’ (चोट लगने पर बदले जाने वाले खिलाड़ी) के तौर पर मैदान पर आए हैं। ’’
इस दौरान कैपिटल्स के खिलाड़ी चिंतित नजर आए और मैदान में सन्नाटा पसर गया।
एनगिडी को मेडिकल टीम के सवालों का जवाब देते हुए देखा गया। इस दौरान दक्षिण अफ्रीका के अन्य खिलाड़ी ट्रिस्टन स्टब्स और डेविड मिलर, साथ ही पंजाब किंग्स के मुख्य कोच रिकी पोंटिंग और दिल्ली कैपिटल्स के मुख्य कोच हेमांग बदानी भी उनका हालचाल पूछने के लिए वहां पहुंचे।
भाषा आनन्द नमिता
नमिता