निकहत और मीनाक्षी क्वार्टर फाइनल में, चार भारतीय पुरुष मुक्केबाज हारे

Ads

निकहत और मीनाक्षी क्वार्टर फाइनल में, चार भारतीय पुरुष मुक्केबाज हारे

  •  
  • Publish Date - September 9, 2025 / 11:40 PM IST,
    Updated On - September 9, 2025 / 11:40 PM IST

लिवरपूल, नौ सितंबर (भाषा) दो बार की चैंपियन निकहत जरीन ने मंगलवार को कड़े मुकाबले में जीत दर्ज करते हुए विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया जबकि पदार्पण कर रही मीनाक्षी ने आसान जीत के साथ अंतिम आठ में जगह बनाई।

पेरिस ओलंपिक के बाद अपने पहले टूर्नामेंट में हिस्सा ले रही ड्रॉ में गैर वरीयता प्राप्त निकहत ने महिलाओं के 51 किग्रा भार वर्ग के प्री क्वार्टर फाइनल मुकाबले में सर्वसम्मत फैसले में जीत हासिल की। हालांकि यह स्कोर 21 वर्षीय जापान की युना निशिनाका द्वारा दी गई कड़ी टक्कर को नहीं दर्शाता।

पहले दौर में बाई हासिल करने वाली मीनाक्षी ने अपने अभियान की शुरुआत चीन की वांग क्यूपिंग के खिलाफ 48 किग्रा वर्ग में 5-0 की शानदार जीत के साथ की जो एक गैर ओलंपिक वर्ग है।

निशिनाका ने लगातार भारतीय मुक्केबाज को परेशान किया और जरूरत से ज्यादा पकड़ बनाए रखने के कारण उनके दो अंक काटे गए।

दोनों मुक्केबाजों ने आक्रामक शुरुआत की और पूरे इरादे के साथ आगे बढ़ीं। निकहत ने शुरुआत में कुछ हुक लगाए लेकिन जापान की मुक्केबाज ने 3-2 से बढ़त बना ली।

दूसरे राउंड में निकहत ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए बेहतर मुक्के जड़े जबकि निशिनाका ने भारतीय मुक्केबाज की गर्दन में अपनी बांह डालकर उसे बांधे रखा। भारत की 29 वर्षीय मुक्केबाज ने तीखे जवाब दिए और राउंड 4-1 से जीत लिया।

यह सिलसिला आखिरी तीन मिनट में भी जारी रहा जहां रेफरी ने लगातार क्लिंचिंग के लिए निशिनाका को फिर से दंडित किया। निकहत ने हालांकि बढ़त बनाए रखते हुए तीसरे विश्व चैंपियनशिप पदक की ओर कदम बढ़ाए।

निकहत अब क्वार्टर फाइनल में दो बार की ओलंपिक रजत पदक विजेता और 2022 विश्व लाइट फ्लाइवेट चैंपियन तुर्की की बुसे नाज काकिरोग्लू के खिलाफ अपनी अब तक की सबसे कठिन चुनौती का सामना करेंगी।

पुरुष मुक्केबाजों का प्रदर्शन हालांकि खराब रहा। लक्ष्य चाहर (80 किग्रा) बाहर होने वाले सातवें पुरुष मुक्केबाज बने। उन्हें फ्रांस के योजेरलिन सीजर के खिलाफ 0-3 से हार का सामना करना पड़ा।

सोमवार देर रात सुमित कुंडू (75 किग्रा), सचिन सिवाच (60 किग्रा) और एशियाई खेलों के कांस्य पदक विजेता नरेंद्र बेरवाल (90 किग्रा से अधिक) प्री क्वार्टर फाइनल में हार गए।

सुमित को मौजूदा यूरोपीय मिडिलवेट चैंपियन बुल्गारिया के रामी किवान ने 5-0 से करारी शिकस्त दी।

सचिन को 60 किग्रा वर्ग में कजाखस्तान के बिबार्स झेक्सेन के खिलाफ 1-4 से हार का सामना करना पड़ा जबकि नरेंद्र भी इटली के डिएगो लेंजी के खिलाफ इसी स्कोर से हार गए।

भारत की 20 सदस्यीय टीम के आधे से अधिक खिलाड़ी प्रतियोगिता से बाहर हो चुके हैं।

भाषा सुधीर

सुधीर