लगातार हार के बावजूद टीम में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया जाएगा: बहुतुले

Ads

लगातार हार के बावजूद टीम में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया जाएगा: बहुतुले

  •  
  • Publish Date - May 12, 2026 / 11:12 AM IST,
    Updated On - May 12, 2026 / 11:12 AM IST

धर्मशाला, 12 मई (भाषा) पंजाब किंग्स के स्पिन गेंदबाजी कोच साईराज बहुतुले ने कहा कि लगातार चौथा मैच हारने के बावजूद टीम में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया जाएगा, हालांकि उन्होंने यह स्वीकार किया कि महत्वपूर्ण मौकों पर खराब फील्डिंग विशेषकर कैच लेने में नाकामी बड़ी चिंता का विषय है।

पंजाब किंग्स ने लीग के शुरुआती चरण में लगातार छह मैच जीतकर शीर्ष स्थान हासिल किया था, लेकिन श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली टीम का प्रदर्शन उसके बाद खराब रहा और वह लगातार चार मैच हार चुकी है। खराब फील्डिंग के कारण उसे नुकसान उठाना पड़ा है। पंजाब ने पिछले दो मैचों में पांच कैच छोड़े हैं।

बहुतुले ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ आईपीएल मैच के बाद पत्रकारों से कहा, ‘‘दुर्भाग्य से आज हमने महत्वपूर्ण अवसरों पर कुछ कैच छोड़ दिए। हम इस पर विचार करेंगे, लेकिन फिलहाल हमारे पास इस बारे में ज्यादा सोचने का समय नहीं है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि टीम ने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है। निश्चित रूप से हम कुछ मैच हार गए हैं। हम कुछ खास क्षेत्रों पर ही फिर से विचार करेंगे। टीम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, क्योंकि सभी खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।’’

दिल्ली कैपिटल्स के हाथों तीन विकेट की हार के दौरान पंजाब ने दो कैच छोड़े, जिनमें से एक अक्षर पटेल का था, जिन्होंने इसका फायदा उठाकर अर्धशतक बनाया।

बहुतुले ने कहा, ‘‘अहम मौके पर हमसे एक कैच छूट गया, जिससे हमारी लय टूट गई। अगर हमने वह दो कैच ले लिए होते तो शायद वे लक्ष्य तक नहीं पहुंच पाते। हम इस पर गौर करेंगे और देखेंगे कि हम कैसे स्थिति को अपने पक्ष में मोड़ सकते हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि इस मैच से सबक लेना बहुत महत्वपूर्ण है। हमने जो भी गलतियां की हैं, उनमें से कुछ अनावश्यक थीं।’’

एक समय तालिका में शीर्ष पर रहने वाली पंजाब टीम अब 11 मैचों में 13 अंकों के साथ चौथे स्थान पर खिसक गई है।

भाषा

पंत

पंत