बेम्बोलिम (गोवा), 30 जनवरी (भाषा) नॉर्थईस्ट यूनाईटेड ने शनिवार को यहां मुंबई सिटी एफसी को 2-1 से हराकर इंडियन सुपर लीग फुटबॉल के मौजूदा टूर्नामेंट में इस टीम के खिलाफ लगातार दूसरी जीत दर्ज की।
नॉर्थईस्ट की ओर से डेशोर्न ब्राउन ने पहले हाफ में दो गोल दागे जबकि मुंबई की ओर से एकमात्र गोल दूसरे हाफ में एडम डि फोंड्रे ने किया।
इस हार के साथ मुंबई ने लगातार 13वें मैच में अजेय रहकर इतिहास रचने का मौका भी गंवा दिया।
नॉर्थईस्ट यूनाईटेड की टीम अंक तालिका में शीर्ष पर चल रहे मुंबई सिटी को मौजूदा सत्र में हराने वाली एकमात्र टीम है।
इस जीत से नॉर्थईस्ट यूनाईटेड की टीम 21 अंक के साथ शीर्ष चार में पहुंच गई है।
भाषा सुधीर
सुधीर