‘हमारा हीरो लौट आया’, नेमार ने स्थानापन्न खिलाड़ी के रूप में मौजूदा विश्व कप में पदार्पण किया
‘हमारा हीरो लौट आया’, नेमार ने स्थानापन्न खिलाड़ी के रूप में मौजूदा विश्व कप में पदार्पण किया
मियामी गार्डन्स (फ्लोरिडा), 25 जून (एपी) ब्राजील की फुटबॉल के नायक नेमार आखिरकार मौजूदा विश्व कप में खेलने में सफल रहे जिससे उनकी टीम को नॉकआउट राउंड से पहले सही समय पर एक सुपरस्टार वापस मिल गया है।
स्कॉटलैंड के खिलाफ बुधवार को खेले गए मैच में नेमार 76वें मिनट में मैदान पर उतरे। उस समय टीम 3-0 से आगे थी और अगले सप्ताह शुरू होने वाले नॉकआउट चरण में जगह पक्की करने की ओर अग्रसर थी। ब्राजील ने इसी स्कोर से जीत हासिल की।
उनका मैदान पर आना कोई हैरानी की बात नहीं थी। ब्राजील ने इस सप्ताह की शुरुआत में ही कहा था कि वह इस मैच के लिए उपलब्ध रहेंगे। वह दाहिनी पिंडली की चोट के कारण पहले दो मैच में नहीं खेल पाए थे। यह 2023 के बाद पहला अवसर था जबकि वह ब्राजील की तरफ से खेले।
नेमार मैदान छोड़ने से पहले अपने परिवार से भावुक होकर गले मिले। इसके बाद उन्होंने कहा, ‘‘तीन साल बाद फिर से राष्ट्रीय टीम की जर्सी पहनकर मैं बहुत खुश हूं। मैं शारीरिक रूप से बहुत अच्छा महसूस कर रहा हूं। जाहिर है इतने दिनों तक ब्राजील की तरफ से नहीं खेल पाना बेहद मुश्किल दौर था।’’
उन्होंने शुरुआती लाइनअप में जगह नहीं बनाई लेकिन ब्राजील के कोच कार्लो एंसेलोटी ने उन्हें स्थानापन्न खिलाड़ी के रूप में उतारा। नेमार जब दूसरे हाफ के दौरान ‘वार्मअप’ के लिए बेंच से उठकर साइडलाइन पर आए, तो दर्शकों ने नेमार, नेमार चिल्लाना शुरू कर दिया। उनके मैदान में आने और पहली बार गेंद को छूने पर जयकारे और भी तेज़ हो गए।
ब्राज़ील के लिए दो गोल करने वाले विनीसियस जूनियर ने कहा, “हम सबके लिए यह बहुत ही महत्वपूर्ण क्षण है। हमारा हीरो, हमारा आदर्श वापस लौट आया है। वह एक ऐसा खिलाड़ी है जिसने हमेशा कड़ी मेहनत की और यहां तक पहुंचने के लिए अपना सब कुछ झोंक दिया। मुझे उम्मीद है कि वह लगातार बेहतर प्रदर्शन करता रहेगा और मैच जीतने में हमारी मदद करता रहेगा। यही सबसे महत्वपूर्ण है।’’
एपी
पंत
पंत

Facebook


