पीएसएल की दो फ्रेंजाइजी में स्वामित्व से जुडा विवाद सामने आया
पीएसएल की दो फ्रेंजाइजी में स्वामित्व से जुडा विवाद सामने आया
लाहौर, 20 फरवरी (भाषा) पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) को पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) की आठ फ्रेंचाइजी में से कम से कम दो में स्वामित्व विवादों का सामना करना पड़ रहा है।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक हाल ही में नीलाम की गई सियालकोट फ्रेंचाइजी में बहुमत हिस्सेदारी को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। घटनाक्रम से वाकिफ एक विश्वसनीय सूत्र ने बताया कि फ्रेंचाइजी के एक मालिक मुहम्मद शाहिद ने पीएसएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) सलमान नसीर से शिकायत दर्ज कराई है।
सूत्र ने बताया, “शाहिद का दावा है कि उनके पास फ्रेंचाइजी के 76 प्रतिशत शेयर हैं, जबकि अन्य साझेदारों के पास 24 प्रतिशत हिस्सेदारी है। इसके बावजूद अन्य साझेदार उनकी जानकारी के बिना फ्रेंचाइजी के शेयर बेचने की कोशिश कर रहे हैं।”
विदेश में रहने वाले कारोबारी शाहिद ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी पोस्ट किया है, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया है कि अल्पांश हिस्सेदार उनकी सहमति के बिना सौदे कर रहे हैं और अपने अधिकार से अधिक शेयर बेचने की कोशिश कर रहे हैं।
सियालकोट फ्रेंचाइजी को 185 करोड़ रुपये में एक समूह (कंसोर्टियम) ने खरीदा था। इसमें पाकिस्तान के एक पूर्व कप्तान के करीबी कामिल खान भी शामिल हैं। सूत्रों का हालांकि कहना है कि इस पूरे विवाद से उस पूर्व कप्तान का कोई लेना-देना नहीं है।
एक अन्य मामले में लाहौर कलंदर्स फ्रेंचाइजी के मूल मालिकों में से एक फवाद राणा ने अदालत से अपने पक्ष में फैसला आने के बाद सलमान नसीर के समक्ष बहुलांश स्वामित्व को लेकर शिकायत दर्ज कराई है।
अदालती दस्तावेजों के अनुसार, फवाद राणा ने अपने भाइयों आतिफ राणा और समीर राणा के खिलाफ याचिका दायर की थी। उनका आरोप था कि उनकी कंपनी से संबंधित शेयर उनकी जानकारी के बिना बेचे गए। अदालत ने इस मामले में फवाद के पक्ष में फैसला सुनाया है।
भाषा आनन्द मोना
मोना

Facebook


