पैरा तीरंदाजी सीरीज में भारत की दमदार शुरुआत, युगल में हरविंदर-भावना शीर्ष वरीय
पैरा तीरंदाजी सीरीज में भारत की दमदार शुरुआत, युगल में हरविंदर-भावना शीर्ष वरीय
अहमदाबाद, पांच सितंबर (भाषा) पैरालंपिक चैंपियन हरविंदर सिंह की अगुआई में भारतीय तीरंदाजों ने विश्व तीरंदाजी पैरा सीरीज में शानदार शुरुआत की जहां पुरुष और महिला रिकर्व ओपन वर्ग में भारत के चार-चार तीरंदाजों ने सीधे प्री-क्वार्टरफाइनल में जगह बनाने में सफल रहे।
दो बार के पैरालंपिक पदक विजेता हरविंदर ने पुरुष रिकर्व ओपन वर्ग के क्वालीफिकेशन में 720 में से 636 अंक जुटाकर तीसरी वरीयता हासिल की। ईरान के घोलामरेजा रहीमी 647 अंक के साथ शीर्ष पर रहे, जबकि इंडोनेशिया के खोल्दिन ने 641 अंक के साथ दूसरा स्थान हासिल किया।
भारत के परवीन 633 अंक के साथ पांचवें स्थान पर रहे। सहजवीर सिंह ने 626 अंक जुटाकर छठा स्थान हासिल किया, जबकि विजय सुंडी 618 अंक के साथ सातवें स्थान पर रहे। शीर्ष-10 में चार भारतीयों के रहने का फायदा उन्हें मिला और चारों ने 32 खिलाड़ियों के ड्रॉ में सीधे प्री-क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया।
तीसरी वरीयता प्राप्त हरविंदर का सामना चीन के 14वीं वरीयता वाले गान जुन से होगा। छठी वरीयता प्राप्त सहजवीर स्लोवाकिया के 11वीं वरीयता वाले इवान डेविड से भिड़ेंगे। परवीन का मुकाबला स्लोवाकिया के इवान डेनिस से, जबकि सुंडी की टक्कर इंडोनेशिया के सेतियावान से होगी।
महिला रिकर्व ओपन वर्ग में भावना ने 595 अंक के प्रभावशाली स्कोर के साथ तीसरी वरीयता हासिल की। इंडोनेशिया की नोविएरा रॉस 603 अंक के साथ शीर्ष और ईरान की सोमायेह रहीमी गदेरिजानी 602 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहीं।
भारत की पूजा कुमारी 573 अंक के साथ पांचवें स्थान पर रहीं। राजश्री राठौड़ और पूजा ने क्रमश: 560 और 527 अंक हासिल कर आठवीं और नौवीं वरीयता प्राप्त की। चारों भारतीय तीरंदाजों ने सीधे प्री-क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया।
भारत ने पुरुष और महिला युगल दोनों वर्गों में शीर्ष वरीयता हासिल की। हरविंदर और परवीन ने आठ टीमों के पुरुष डबल्स क्वालीफिकेशन में कुल 1,269 अंक के साथ पहला स्थान हासिल किया। भारतीय जोड़ी को सीधे सेमीफाइनल में प्रवेश मिला है और वह पदक पक्का करने से सिर्फ एक जीत दूर है।
महिला युगल में भावना और पूजा कुमारी 1,168 अंकों के साथ शीर्ष वरीय बनीं। उन्हें भी सीधे सेमीफाइनल में प्रवेश मिला है और एक जीत उन्हें पदक सुनिश्चित करा देगी।
मिश्रित युगल में भावना और हरविंदर की जोड़ी 1,231 अंकों के साथ तीसरी वरीयता पर रही। ईरान और इंडोनेशिया को पहली और दूसरी वरीयता मिली है। आठ टीमों के ड्रॉ में भारतीय जोड़ी क्वार्टरफाइनल में छठी वरीयता प्राप्त इराक के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी।
भाषा आनन्द
आनन्द

Facebook


