पाकिस्तान के हॉकी खिलाड़ियों ने बकाया भुगतान और दैनिक भत्ते को लेकर शिकायत की

पाकिस्तान के हॉकी खिलाड़ियों ने बकाया भुगतान और दैनिक भत्ते को लेकर शिकायत की

पाकिस्तान के हॉकी खिलाड़ियों ने बकाया भुगतान और दैनिक भत्ते को लेकर शिकायत की
Modified Date: May 22, 2026 / 03:18 pm IST
Published Date: May 22, 2026 3:18 pm IST

कराची, 22 मई (भाषा) पाकिस्तान के हॉकी खिलाड़ियों की आर्थिक परेशानियां जारी हैं क्योंकि उन्हें पाकिस्तान हॉकी महासंघ (पीएचएफ) से अभी तक बकाया राशि नहीं मिली है।

इस साल अगस्त में नीदरलैंड और बेल्जियम में होने वाले एफआईएच विश्व कप से पहले उनके दैनिक प्रशिक्षण शिविर भत्ते में भी कटौती की गई है।

राष्ट्रीय महासंघ (पीएचएफ) के अंतरिम निकाय ने घोषणा की है कि राष्ट्रीय टीम के खिलाड़ियों और अधिकारियों को अब विदेशी दौरों पर प्रतिदिन 110 डॉलर का भत्ता मिलेगा।

खिलाड़ियों ने हालांकि शिकायत की है कि उनके प्रशिक्षण शिविर भत्ते को 11 डॉलर (लगभग 3000 पाकिस्तानी रुपये) से घटाकर 3.5 डॉलर (लगभग 1000 रुपये) कर दिया गया है।

पीएचएफ के एक विश्वसनीय सूत्र के अनुसार अनुभवी खिलाड़ियों ने पीएचएफ से प्रशिक्षण शिविर की अवधि के लिए मिलने वाले भत्ते की पुष्टि करने को कहा था।

पाकिस्तान ने बृहस्पतिवार को बेल्जियम और इंग्लैंड में अगले महीने होने वाले एफआईएच प्रो लीग मैचों के लिए अपनी 20 सदस्यीय टीम की घोषणा की, लेकिन कप्तान का नाम नहीं बताया। पीएचएफ के इस रवैये से खिलाड़ी नाखुश हैं।

शकील अम्माद बट पिछले साल की शुरुआत से ही पाकिस्तान की कप्तानी कर रहे हैं।

एक खिलाड़ी ने नाम न छापने की शर्त पर कहा, ‘उन्होंने घोषणा की है कि हमें विदेशी दौरों के लिए 110 अमेरिकी डॉलर प्रतिदिन भत्ता मिलेगा, जिसमें मिस्र में खेला गया विश्व कप क्वालीफाइंग टूर्नामेंट भी शामिल है, लेकिन हम इस पर तभी विश्वास करेंगे जब हमें यह राशि दी जाएगी।’

उन्होंने कहा कि पीएचएफ के अधिकारियों ने अतीत में भी इसी तरह के वादे किए थे, लेकिन उन्हें कभी पूरा नहीं किया।

एक अन्य खिलाड़ी ने कहा, ‘अभी हम सिर्फ यह जानना चाहते हैं कि क्या यह सच है कि वे हमें शिविर की अवधि के लिए प्रतिदिन केवल 1000 रुपये ही देंगे। यह राशि राष्ट्रीय खिलाड़ियों का अपमान है।’

एफआईएच प्रो लीग का तीसरा चरण 13 से 27 जून तक निर्धारित है, जिसमें पाकिस्तान बेल्जियम, स्पेन, इंग्लैंड और अपने चिर-प्रतिद्वंद्वी भारत के खिलाफ खेलेगा।

इसके बाद पाकिस्तान एफआईएच विश्व कप में भाग लेगा।

एफआईएच प्रो लीग के लिए पाकिस्तान की टीम:

गोलकीपर: वकार अली, अली रजा

रक्षापंक्ति: अबू बकर, अरबाज अहमद, मोहम्मद अब्दुल्ला, सुफयान खान

मिडफील्डर: नदीम खान, अम्माद शकील, मोइन शकील, हम्माद अंजुम, जकारिया हयात

फॉरवर्ड: गजनफर अली, मोहम्मद एम्माद, राणा वलीद, अफराज खान, राणा वाहिद, अब्दुर रहमान, अहमद नदीम, अरशद लियाकत, हनान शाहिद

भाषा आनन्द पंत

पंत


लेखक के बारे में