मुंबई, छह मई (भाषा) कप्तान हार्दिक पंड्या रायपुर पहुंचने वाले मुंबई इंडियंस के खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के पहले जत्थे में शामिल नहीं थे लेकिन आरसीबी के खिलाफ रविवार को इंडियन प्रीमियर लीग के अगले मैच तक उनके फिट होने की संभावना है ।
मुंबई ने पिछला मैच चार मई को लखनऊ सुपर जाइंट्स से खेला था और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के खिलाफ अगला मैच दस मई को है । मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी और स्टाफ अलग अलग बैच में रायपुर पहुंच रहे हैं ।
पंड्या कमर में जकड़न के कारण लखनऊ के खिलाफ पिछला मैच नहीं खेले थे ।
टीम सूत्र ने हालांकि कहा कि मामूली चोट है और उन्हें एक मैच के लिये आराम करने को कहा गया था । वह रजत पाटीदार की अगुवाई वाली आरसीबी के खिलाफ बेहद अहम अगले मैच में खेलेंगे ।
मुंबई सात हार और तीन जीत के बाद तालिका में नौवे स्थान पर है और प्लेआफ की उम्मीदें बनाये रखने के लिये उसे बाकी सभी मैच जीतने होंगे ।
भाषा
मोना सुधीर
सुधीर