पेरिस, 26 जून (एपी) फ्रांस में पड़ रही गर्मी और लू (उष्ण लहर) को देखते हुए पेरिस पुलिस प्रशासन ने इस सप्ताहांत होने वाली डायमंड लीग एथलेटिक्स प्रतियोगिता को रद्द करने की मांग की है।
अधिकारियों ने शुक्रवार को कहा कि भीषण गर्मी के कारण आपातकालीन सेवाओं पर भारी दबाव है।
पुलिस प्रशासन ने 21 जून से पेरिस में पर रही असाधारण गर्मी का हवाला देते हुए रविवार को होने वाली डायमंड लीग प्रतियोगिता के अलावा अन्य कार्यक्रमों को भी रद्द करने का अनुरोध किया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आयोजक अगर स्वेच्छा से कार्यक्रम रद्द नहीं करते हैं, तो उन्हें आदेश जारी कर कार्यक्रम रुकवाना पड़ेगा क्योंकि आपातकालीन सेवाओं का पूरा ध्यान बुजुर्गों, बच्चों और अन्य जरूरतमंद लोगों की सुरक्षा पर है।
इस प्रतियोगिता में नोआ लाइल्स, फेम्के बोल और मोंडो डुप्लांटिस सहित विश्व के कई प्रमुख एथलीट भाग ले रहे हैं।
प्रतियोगिता का आयोजन करने वाले फ्रांस एथलेटिक्स महासंघ ने बताया कि उसे अभी तक पुलिस का कोई आधिकारिक आदेश प्राप्त नहीं हुआ है।
आयोजकों ने बृहस्पतिवार को जारी बयान में कहा था, ‘‘ हम बदले हुए प्रारूप में प्रतियोगिता कराने की योजना बना रहे हैं ताकि सभी के लिए सुरक्षा के जरूरी मानकों का पालन किया जा सके। इसमें प्रतियोगिता में सिर्फ शीर्ष खिलाड़ियों को भाग लेने की अनुमति देने की योजना शामिल है। ’’
यह पहली बार है जब फ्रांस के तीन-चौथाई से अधिक हिस्से को ‘रेड अलर्ट (अत्यधिक गंभीर मौसम चेतावनी)’ के दायरे में रखा गया है।
एपी आनन्द पंत
पंत