लंदन, 20 अगस्त (भाषा) भारतीय गोल्फर प्रणवी उर्स ने पीआईएफ लंदन चैंपियनशिप के अंतिम दौर में शानदार प्रदर्शन करते हुए सात अंडर 66 का कार्ड खेला और संयुक्त 19वें स्थान पर रही जबकि अदिति अशोक ने अंतिम दौर में चार अंडर 69 का स्कोर कर संयुक्त 17वां स्थान हासिल किया।
प्रणवी तीसरे दौर में निराशाजनक 78 का कार्ड खेलने के बाद अंतिम दौर की शुरुआत में शीर्ष 30 से बाहर थीं। उन्होंने सप्ताह का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 12 स्थान की छलांग लगाई। प्रणवी ने 70, 73, 78 और 66 के दौर के साथ कुल 5-अंडर 287 का स्कोर बनाया।
अदिति का कुल स्कोर छह अंडर 286 (73-72-72-69) रहा।
कट में जगह बनाने वाली अन्य भारतीय दीक्षा डागर छह ओवर 78 का निराशाजनक कार्ड खेलने के बाद संयुक्त 46वें स्थान पर रहीं। दीक्षा का कुल स्कोर तीन ओवर 291 (75-70-72-78) रहा।
कनाडा की अन्ना हुआंग ने दो शॉट के अंतर से खिताब अपने नाम किया। 17 वर्षीय हुआंग ने 11 महीने से भी कम समय में अपना चौथा लेडीज यूरोपीय टूर खिताब जीतकर इतिहास रच दिया।
हुआंग का कुल स्कोर 22-अंडर-पार का रहा।
भाषा आनन्द नमिता
नमिता