प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय महिला चार गुणा 400 मीटर रिले टीम, निशानेबाज नीरू को बधाई दी

प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय महिला चार गुणा 400 मीटर रिले टीम, निशानेबाज नीरू को बधाई दी

प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय महिला चार गुणा 400 मीटर रिले टीम, निशानेबाज नीरू को बधाई दी
Modified Date: September 29, 2026 / 08:20 pm IST
Published Date: September 29, 2026 8:20 pm IST

नयी दिल्ली, 29 सितंबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को एशियाई खेलों में पदक जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों को बधाई दी और ट्रैप निशानेबाज नीरू ढांडा के ऐतिहासिक व्यक्तिगत स्वर्ण पदक, रजत पदक जीतने वाली महिला ट्रैप टीम तथा महिला चार गुणा 400 मीटर रिले टीम के शानदार प्रदर्शन की सराहना की।

मोदी ने एशियाई खेलों में ट्रैप स्पर्धा में व्यक्तिगत स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनने पर नीरू को बधाई दी। उन्होंने कहा कि उनकी सटीक निशानेबाजी और संयम ने देश को गौरवान्वित किया है और यह उपलब्धि युवा खिलाड़ियों को निशानेबाजी अपनाने के लिए प्रेरित करेगी।

प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक्स’ पर अपनी पोस्ट में लिखा, ‘‘नीरू ढांडा ने भारत को जश्न मनाने का ऐतिहासिक अवसर दिया है! एशियाई खेलों में ट्रैप स्पर्धा का व्यक्तिगत स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनने पर उन्हें हार्दिक बधाई।’’

उन्होंने कहा, ‘‘उनकी सटीकता और संयम ने देश को बेहद गौरवान्वित किया है। उनकी यह उपलब्धि कई और युवा खिलाड़ियों को निशानेबाजी अपनाने तथा सर्वोच्च सम्मान हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी।’’

प्रधानमंत्री मोदी ने महिला ट्रैप टीम स्पर्धा में रजत पदक जीतने पर मनीषा कीर, नीरू और आशिमा अहलावत को भी बधाई दी।

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘एशियाई खेलों में महिला ट्रैप टीम स्पर्धा में रजत पदक जीतने पर मनीषा कीर, नीरू और आशिमा अहलावत को बधाई। यह सटीकता, एकाग्रता और टीम भावना का सराहनीय प्रदर्शन था। पूरी टीम इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करती रहे और भारत के लिए और गौरव हासिल करें।’’

मोदी ने महिला चार गुणा 400 मीटर रिले में स्वर्ण पदक जीतने वाली किरण पहल, पूवम्मा एमआर, प्राची और विथ्या रामराज के प्रदर्शन की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि उनकी गति और दृढ़ संकल्प ने भारत को शीर्ष स्थान तक पहुंचाया।

मोदी ने कहा, ‘‘एशियाई खेलों में महिला चार गुणा 400 मीटर रिले में शानदार प्रदर्शन के लिए किरण पहल, पूवम्मा एमआर, प्राची और विथ्या रामराज को बधाई। उनकी गति और दृढ़ संकल्प ने भारत को पोडियम में शीर्ष पर पहुंचाया।’’

यह भारतीय एथलेटिक्स के लिए गर्व का क्षण है और यह इस बात का शानदार उदाहरण है कि टीम के रूप में काम करके क्या हासिल किया जा सकता है। खिलाड़ियों को भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं।’’

भाषा

सुधीर मोना

मोना


लेखक के बारे में