प्रधानमंत्री मोदी ने पूर्वोत्तर भारत में बीसीसीआई की छह इंडोर क्रिकेट अकादमियों का उद्घाटन किया

प्रधानमंत्री मोदी ने पूर्वोत्तर भारत में बीसीसीआई की छह इंडोर क्रिकेट अकादमियों का उद्घाटन किया

प्रधानमंत्री मोदी ने पूर्वोत्तर भारत में बीसीसीआई की छह इंडोर क्रिकेट अकादमियों का उद्घाटन किया
Modified Date: April 28, 2026 / 06:30 pm IST
Published Date: April 28, 2026 6:30 pm IST

गंगटोक, 28 अप्रैल (भाषा) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को पूर्वोत्तर भारत में छह अत्याधुनिक इंडोर क्रिकेट अकादमियों का उद्घाटन किया जो इस क्षेत्र में क्रिकेट के बुनियादी ढांचे के विस्तार के लिए भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के कार्यक्रम का हिस्सा हैं।

ये अकादमियां रंगपो (सिक्किम), दोइमुख (अरुणाचल प्रदेश), इंफाल (मणिपुर), मदनकुरक्लांग (मेघालय), आइजोल (मिजोरम) और दीमापुर (नगालैंड) में स्थित हैं।

बीसीसीआई ने प्रेस विज्ञप्ति में कहा, ‘‘माननीय प्रधानमंत्री ने सिक्किम के गंगटोक में एक राजकीय समारोह के दौरान इन सुविधाओं का वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन किया। यह खेल के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और पूर्वोत्तर क्षेत्र की अपार खेल क्षमता को सामने लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।’’

उद्घाटन समारोह में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (अईसीसी) के चेयरमैन जय शाह और बीसीसीआई के पदाधिकारी मौजूद थे जबकि पूर्वोत्तर के अन्य पांच राज्यों के प्रशासक वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए इस कार्यक्रम से जुड़े।

बीसीसीआई ने कहा, ‘‘इस परियोजना की परिकल्पना बीसीसीआई द्वारा की गई थी और इसे जय शाह के नेतृत्व में आगे बढ़ाया गया। उन्होंने अपने सचिव कार्यकाल के दौरान इस पर विशेष ध्यान दिया जिसका मुख्य उद्देश्य उभरते हुए क्षेत्रों में क्रिकेट के पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करना था।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इन अकादमियों की आधारशिला मई 2024 में शाह द्वारा रखी गई थी। इसके साथ ही पूर्वोत्तर क्षेत्र में विश्व स्तरीय क्रिकेट बुनियादी ढांचा तैयार करने के लिए एक सुनियोजित प्रयास की शुरुआत हुई।’’

इन अकादमियों को हाई परफोर्मेंस सेंटर के तौर पर डिजाइन किया गया है। इनमें इंडोर अभ्यास पिच, अत्याधुनिक जिम, तापमान-नियंत्रित तैराकी पूल और प्रशासन तथा प्रशिक्षण के लिए अलग से ब्लॉक बनाए गए हैं।

ये सुविधाएं खिलाड़ियों को पूरे साल प्रशिक्षण की सुविधा देंगी। इससे विशेष रूप से इस क्षेत्र में लंबे समय तक चलने वाले मॉनसून के कारण आने वाली चुनौतियों से निपटने में मदद मिलेगी। साथ ही खिलाड़ियों को पेशेवर प्रशिक्षण के लिए देश के अन्य हिस्सों में जाने की जरूरत भी काफी हद तक कम हो जाएगी।

बीसीसीआई के अध्यक्ष मिथुन मन्हास ने कहा, ‘‘यह पहल क्रिकेट के बुनियादी ढांचे को हर क्षेत्र तक पहुंचाने और इस खेल के लिए एक मजबूत, अधिक समावेशी नींव बनाने के हमारे साफ इरादे को दिखाती है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘यह इस बात को पक्का करने की दिशा में भी एक अहम कदम है कि पूर्वोत्तर के उभरते हुए क्रिकेटरों को भी देश में किसी अन्य जगह की तरह ही अच्छे स्तर की सुविधाएं मिलें।’’

सचिन देवजीत सैकिया ने कहा, ‘‘मुझे पूरा भरोसा है कि इससे पूर्वोत्तर के और भी खिलाड़ियों के लिए खेल के सबसे ऊंचे स्तर तक पहुंचने का रास्ता खुलेगा।’’

उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा, ‘‘अब हमारा ध्यान ऐसे मौके और रास्ते बनाने पर होगा जिनसे यह प्रतिभा सबसे ऊंचे स्तर पर और अधिक निखर सके।’’

भाषा सुधीर आनन्द

आनन्द


लेखक के बारे में