मोदी राष्ट्रीय खेल दिवस से पहले देश के युवाओं को संबोधित करेंगे

मोदी राष्ट्रीय खेल दिवस से पहले देश के युवाओं को संबोधित करेंगे

मोदी राष्ट्रीय खेल दिवस से पहले देश के युवाओं को संबोधित करेंगे
Modified Date: August 24, 2026 / 03:18 pm IST
Published Date: August 24, 2026 3:18 pm IST

नयी दिल्ली, 24 अगस्त (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 29 अगस्त को मनाए जाने वाले राष्ट्रीय खेल दिवस से पहले बृहस्पतिवार को देश के 1500 से अधिक स्थानों पर मौजूद खिलाड़ियों और युवाओं को संबोधित करेंगे।

मोदी का ‘वर्चुअल’ संबोधन राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम ‘खेलो इंडिया संवाद – खेल की बात, पीएम के साथ’ का हिस्सा होगा। यह खेल मंत्रालय की एक प्रमुख पहल है और इसे राष्ट्रीय खेल दिवस से दो दिन पहले आयोजित किया जाएगा।

हॉकी के दिग्गज ध्यानचंद की जयंती 29 अगस्त को पड़ती है और यह दिन राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाया जाता है।

खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘प्रधानमंत्री के स्वतंत्रता दिवस संदेश के खेल और युवा शक्ति पर दिए गए प्रमुख अंश भी प्रदर्शित किए जाएंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री देश भर के युवाओं को वर्चुअल संबोधित करेंगे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इस पहल के जरिए देश भर में 1,500 से अधिक स्थानों पर युवाओं, खिलाड़ियों और शैक्षणिक संस्थानों को एक साथ लाया जा रहा है। आईआईटी, आईआईएम, एनआईटी, एम्स, प्रमुख मेडिकल कॉलेज और विश्वविद्यालय तथा अन्य अग्रणी शैक्षणिक संस्थान इस राष्ट्रव्यापी अभियान में भाग लेंगे।’’

मांडविया ने कहा कि यह कार्यक्रम खेल प्रेमी युवाओं और भारत के नीति निर्माताओं के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का बड़ा प्रयास है, जो युवाओं को अपने विचार, अनुभव और सुझाव साझा करने का अवसर प्रदान करता है।

प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद देश भर में 1,500 से अधिक स्थानों पर फिटनेस कार्यक्रम शुरू होंगे।

राष्ट्रीय राजधानी में यह समारोह चार-पांच स्थानों पर आयोजित किया जाएगा, जिसमें दिल्ली स्थित आईआईटी भी शामिल है, जहां मांडविया भी उपस्थित रहेंगे।’’

मंत्री ने कहा, ‘‘मैं 27 अगस्त को होने वाले समारोह में आईआईटी दिल्ली में उपस्थित रहूंगा।’’

भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पीटी उषा सहित प्रमुख पूर्व और वर्तमान भारतीय खिलाड़ी और अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता भी देश के युवाओं के साथ बातचीत करेंगे।

अन्य प्रमुख खिलाड़ी जो युवाओं के साथ बातचीत करेंगे, उनमें मनिका बत्रा, दीपा कर्माकर, साइना नेहवाल, गगन नारंग, श्रीजेश, मैरी कॉम, बाइचुंग भूटिया, पुलेला गोपीचंद, अंजू बॉबी जॉर्ज, कर्णम मल्लेश्वरी, मीराबाई चानू और कुछ क्रिकेटर शामिल हैं।

मांडविया ने कहा कि इसके प्रमुख उद्देश्यों में खेल और युवाओं से संबंधित चार प्रमुख विषयों पर अपने विचारों, सुझावों और नई सोच को साझा करना शामिल है।

मंत्री ने कहा, ‘‘पहला, जमीनी स्तर तक बेहतर सुविधाएं, प्रशिक्षण और अवसर सुनिश्चित करके खेल पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करना। दूसरा, प्रतिभा पहचान और खिलाड़ी विकास पर ध्यान केंद्रित करते हुए 2036 ओलंपिक के लिए प्रतिभाओं को तैयार करना शामिल हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘तीसरा, युवा नेतृत्व को मजबूत करना और शासन में युवाओं की भागीदारी बढ़ाना। चौथा, विकसित भारत के लिए युवा सशक्तिकरण, जिसमें भविष्य के लिए तैयार कौशल, स्वयंसेवा और राष्ट्र निर्माण के अवसर शामिल हैं।’’

भाषा

पंत सुधीर

सुधीर


लेखक के बारे में