भारतीय टीम में वापसी के लिए पूजा की नजरें पूर्ण फिटनेस हासिल करने पर
भारतीय टीम में वापसी के लिए पूजा की नजरें पूर्ण फिटनेस हासिल करने पर
नयी दिल्ली, 11 जून (भाषा) टी20 महिला विश्व कप टीम में जगह नहीं मिलने के बाद भारत की ऑलराउंडर पूजा वस्त्राकर अब पूरी तरह फिट होने और अपने खेल को बेहतर बनाने पर ध्यान दे रही हैं जिससे कि वह राष्ट्रीय टीम में मजबूती से वापसी कर सकें।
पिछले दो वर्ष से कई चोटों से जूझ रहीं पूजा के दाहिने कंधे की हाल ही में सर्जरी हुई है। उन्होंने कहा कि विश्व कप में नहीं चुना जाना उनके लिए कोई झटका नहीं है क्योंकि वह अब भी अपने रिहैबिलिटेशन पर काम कर रही हैं।
पूजा ने मध्य प्रदेश लीग के दौरान पीटीआई वीडियो से कहा, ‘‘मुझे बुरा नहीं लगा। टीम अच्छा प्रदर्शन कर रही थी। मैंने अपनी भावनाओं को उस हद तक नहीं जाने दिया। मैं बस अपनी चोटों से उबरना चाहती हूं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलना चाहती हूं और अपने कौशल को उस स्तर तक ले जाना चाहती हूं। मैं इस पर काम कर रही हूं और जब सब कुछ ठीक हो जाएगा तो मुझे लगता है कि चयनकर्ता निश्चित रूप से मुझे चुनेंगे।’’
इस 26 वर्षीय दाएं हाथ की तेज गेंदबाज ने सर्जरी से उबरने के बाद घरेलू एकदिवसीय मुकाबलों में और अंतरक्षेत्रीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी कर ली है।
उन्होंने कहा, ‘‘मेरे दाहिने कंधे की सर्जरी हुई थी। उसके बाद मैंने सीनियर एकदिवसीय घरेलू टूर्नामेंट खेला और अंतरक्षेत्रीय क्रिकेट में अपने पूरे कोटे के ओवर भी फेंके। अब मैं अच्छा महसूस कर रही हूं।’’
पूजा ने कहा कि वह और उनका सहयोगी स्टाफ राष्ट्रीय टीम में वापसी के लिए कोई समय-सीमा तय करने के बजाय धीरे-धीरे फिटनेस लक्ष्य हासिल करने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।
पूजा ने मध्य प्रदेश लीग के दौरान बहुत कम गेंदबाजी लेकिन उन्होंने कहा कि यह फैसला फिटनेस से जुड़ा नहीं बल्कि रणनीतिक था।
लीग में बल्लेबाजी क्रम में ऊपर खेलने के बावजूद पूजा का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वह खुद को मुख्य रूप से गेंदबाजी ऑलराउंडर मानती हैं।
पूजा ने कहा कि इंग्लैंड में होने वाले टी20 विश्व कप के दौरान उम्मीदों का बोझ उठाने के लिए भारतीय टीम काफी अनुभवी है, विशेषकर पिछले साल घरेलू मैदान पर एकदिवसीय विश्व चैंपियन बनने के बाद।
उन्होंने कहा, ‘‘दबाव होगा लेकिन खिलाड़ी बहुत अनुभवी हैं। उन्होंने दबाव वाली स्थितियों में खेला है और पहले भी इंग्लैंड में खेल चुकी हैं। मुझे यकीन है कि वे परिस्थितियों को बहुत अच्छे से संभाल लेंगी।’’
भारतीय टीम में मैच जिताने वाली संभावित खिलाड़ियों के बारे में पूछे जाने पर पूजा ने कहा, ‘‘टी20 क्रिकेट में निचला मध्य क्रम बहुत अहम भूमिका निभाता है। भारती फुलमाली ने अच्छा प्रदर्शन किया है और ऋचा घोष एक पावर हिटर के तौर पर बहुत अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं। वे विश्व कप में अहम भूमिका निभा सकती हैं।’’
भाषा सुधीर
सुधीर

Facebook


