मालवीरा (पुर्तगाल), 23 अगस्त (एपी)। पुर्तगाल के फुटबॉल खिलाड़ी क्वेविन कास्त्रो का एक मैत्री मैच के दौरान मैदान पर गिरने के बाद निधन हो गया। वह 25 वर्ष के थे।
लिस्बन फुटबॉल संघ और उनके क्लब रियल स्पोर्ट क्लब ने शनिवार को कास्त्रो के निधन की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि दिन में मालवीरा के एस्टादियो डास सेइक्सास स्टेडियम में एस्त्रेला डी अमाडोरा के खिलाफ सत्र पूर्व मैच के दौरान कास्त्रो मैदान पर गिर पड़े थे।
रियल स्पोर्ट क्लब ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘क्वेविन कास्त्रो सिर्फ एक खिलाड़ी से कहीं बढ़कर थे। वह हमारे परिवार का हिस्सा थे और मैदान के अंदर तथा बाहर उन्हें जानने का सौभाग्य पाने वाले सभी लोगों के दिलों पर अपनी छाप छोड़ गए।’’
इंग्लैंड के उनके पूर्व क्लब वेस्ट ब्रोमविच एल्बियन ने कास्त्रो के ‘असामयिक निधन’ पर गहरा दुख जताया। क्लब ने कहा कि रविवार को बर्नले के खिलाफ होने वाले मैच में 25वें मिनट में तालियां बजाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी। इस दौरान खिलाड़ी काली पट्टी बांधकर खेलेंगे।
एपी सुधीर
सुधीर