पंजाब के निशानेबाजों ने जूनियर पुरुष स्कीट टी2 ट्रायल में सूपड़ा साफ किया
पंजाब के निशानेबाजों ने जूनियर पुरुष स्कीट टी2 ट्रायल में सूपड़ा साफ किया
नयी दिल्ली, एक फरवरी (भाषा) पंजाब के हरवीराज सिंह, हरजीज सिंह अटवाल और गुरफतेह सिंह संधू ने क्रमशः पहला, दूसरा और तीसरा स्थान हासिल कर रविवार को यहां आयोजित शॉटगन राष्ट्रीय चयन ट्रायल्स एक और दो में जूनियर पुरुष स्कीट टी2 के फाइनल में क्लीन स्वीप किया।
अनंतजीत सिंह नरूका ने पुरुष वर्ग के ट्रायल दो फाइनल में 36 में से 36 का परफेक्ट स्कोर कर ज्योतिरादित्य सिंह सिसोदिया को एक अंक से पछाड़ते हुए खिताब जीता।
यशस्वी राठौड़ ने महिला ट्रायल्स दो में सिर्फ एक निशाना चूकते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया।
क्वालीफिकेशन में 120 अंक के साथ शीर्ष पर रहने वाले अनंतजीत ने फाइनल में सटीक प्रदर्शन किया। ज्योतिरादित्य ने भी 34वें टारगेट तक परफेक्ट स्कोर बनाए रखा, लेकिन 35वें निशाने में चूकने के कारण 36 में से 35 अंक ही हासिल कर सके।
अभय सिंह सेखों ने 30 निशाने के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।
महिला फाइनल में यशस्वी राठौड़ ने 35 निशाने के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। परिनाज 33 निशाने के साथ दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि ओलंपियन महेश्वरी चौहान ने 29 निशाने के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।
क्वालीफिकेशन में 117 अंक के साथ शीर्ष स्थान हासिल करने वाले जोरावर सिंह बेदी ने फाइनल में 36 में से 35 निशाने साधे। युवेक बत्तुला ने क्वालीफिकेशन में 109 अंक बनाने के बाद फाइनल में 34 हिट के साथ दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि गुरफतेह सिंह संधू ने क्वालीफिकेशन में 110 अंक के साथ फाइनल में जगह बनाते हुए 28 हिट के साथ तीसरा स्थान पाया।
जूनियर महिला फाइनल में, रिशम कौर गुरोन ने ट्रायल एक से बेहतर प्रदर्शन करते हुए 31 अंक के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। वेंकट लक्ष्मी लक्खू 28 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि ट्रायल एक विजेता संयोजिता शेखावत ने 21 अंक के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।
भाषा आनन्द सुधीर
सुधीर

Facebook


