सिंधू घुटने की चोट के कारण फ्रेंच ओपन के दूसरे दौर के मुकाबले से हटीं

Ads

सिंधू घुटने की चोट के कारण फ्रेंच ओपन के दूसरे दौर के मुकाबले से हटीं

  •  
  • Publish Date - October 26, 2023 / 08:30 PM IST,
    Updated On - October 26, 2023 / 08:30 PM IST

रेनेस (फ्रांस), 26 अक्टूबर (भाषा) दो बार की ओलंपिक पदक विजेता बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू को गुरुवार को यहां थाईलैंड की सुपानिदा केटथोंग के खिलाफ पहला गेम जीतने के बावजूद घुटने की चोट के कारण फ्रेंच ओपन के महिला एकल के दूसरे दौर के मुकाबले से हटना पड़ा।

सिंधू ने पहला गेम 21-18 से जीता। दूसरे गेम में जब स्कोर 1-1 था तब भारतीय खिलाड़ी को बाएं घुटने में परेशानी हुई।

केटथोंग के शॉट को लौटाने के दौरान सिंधू को बाएं घुटने में यह चोट लगी।

सिंधू ने चोट पर मैजिक स्प्रे लगाया और टूर्नामेंट के डॉक्टर की मदद ली।

सिंधू ने इसके बाद दो बार अपने कोच हाफिज हाशिम से सलाह ली और इसके लिए उन्हें पीला कार्ड भी दिखाया गया। भारतीय खिलाड़ी ने हालांकि इसके बाद केटथोंग के खिलाफ मुकाबले से हटने का फैसला किया जिन्होंने क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।

सिंधू ने इससे पूर्व पहले दौर में इंडोनेशिया की ग्रेगोरिया मारिस्का तुनजुंग को 12-21 21-18 21-15 से हराया था।

भाषा सुधीर पंत

पंत