मियामी, 26 मई (एपी) इंटर मियामी ने पुष्टि की है कि स्टार फुटबॉलर लियोनेल मेस्सी की बायीं हैमस्ट्रिंग में समस्या है, जो विश्व कप चैंपियन अर्जेंटीना के लिए अपने खिताब का बचाव करने का अभियान शुरू करने से पहले बुरी खबर है।
मेस्सी का सोमवार को चिकित्सा परीक्षण किए गए। यह किस तरह के परीक्षण थे इसका खुलासा नहीं किया गया लेकिन यह बताया गया कि उनकी बायीं हैमस्ट्रिंग की मांसपेशियों में कुछ समस्या है। मेस्सी इंटर मियामी की तरफ से खेलते हुए रविवार को मैच के बीच से मैदान छोड़कर चले गए थे।
इस तरह की परेशानियों में चोट की गंभीरता के आधार पर वापसी की समय सीमा तय की जाती है और मेस्सी के मामले में अभी यह सुनिश्चित नहीं है कि वह कब तक वापसी करेंगे।
इंटर मियामी ने विज्ञप्ति में कहा, ‘‘शारीरिक गतिविधियों में उनकी वापसी की समयसीमा उनकी चिकित्सकीय और कार्यात्मक प्रगति पर निर्भर करेगी।’’
मेस्सी की इस चोट के कारण अर्जेंटीना की विश्व कप की योजनाओं को करारा झटका लग सकता है क्योंकि यह स्टार स्ट्राइकर पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि वह पूरी तरह फिट होने पर ही विश्व कप में खेलेंगे।
अर्जेंटीना विश्व कप के ग्रुप जे में है जिसमें उसका सामना 16 जून को कंसास सिटी में अल्जीरिया, 22 जून को अर्लिंग्टन, टेक्सास में ऑस्ट्रिया और 27 जून को अर्लिंग्टन में ही जॉर्डन के खिलाफ होगा।
मेस्सी पांच विश्व कप में हिस्सा ले चुके हैं और टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के रूप में दो बार गोल्डन बॉल पुरस्कार जीत चुके हैंं। उन्होंने यह पुरस्कार पहली बार 2014 में और फिर 2022 में जीता था जब उन्होंने अर्जेंटीना को खिताब दिलाया था। यह पुरस्कार 1982 से ही दिया जा रहा है, लेकिन वह इसे दो बार जीतने वाले एकमात्र खिलाड़ी हैं।
एपी
पंत
पंत