टेकबॉल में कांस्य पदक से चूकी क्विम्सी, युगल में भी लगा झटका

Ads

टेकबॉल में कांस्य पदक से चूकी क्विम्सी, युगल में भी लगा झटका

  •  
  • Publish Date - September 20, 2026 / 08:37 AM IST,
    Updated On - September 20, 2026 / 08:37 AM IST

नागोया, 20 सितंबर (भाषा) भारत की क्विम्सी डिसूजा को रविवार को यहां एशियाई खेलों की टेकबॉल प्रतियोगिता में दोहरा झटका लगा जब वह महिला एकल में कांस्य पदक से चूक गईं और कुछ ही मिनटों बाद मोहम्मद अनस बेग के साथ मिश्रित युगल में तीसरे स्थान के मुकाबले में भी हार गईं।

क्विम्सी ने महिला एकल के कांस्य पदक के मैच में कड़ी चुनौती पेश की लेकिन आखिर में वह स्थानीय खिलाड़ी युइना सकामोटो से 0-2 (11-12 11-12) से हार गईं। इसके बाद मिश्रित युगल मुकाबले में भारतीय जोड़ी को वियतनाम के होआंग मिन्ह टैन गुयेन और जिया न्गिह ट्रिन्ह से 0-2 (9-12 6-12) से हार का सामना करना पड़ा।

जापान की विश्व में सातवें नंबर की खिलाड़ी सकामोटो ने दर्शकों के अपार समर्थन के बीच भले ही सीधे गेम में जीत हासिल की लेकिन भारतीय खिलाड़ी ने अपनी तरफ से हर संभव प्रयास किया।

यह मैच तीन गेम के प्रारूप में खेला जाता है और पहले दो गेम जीतने वाला खिलाड़ी विजेता बनता है।

मुंबई की रहने वाली क्विम्सी के पास पहले गेम में गेम प्वाइंट था लेकिन वह इसका फायदा नहीं उठा पाई। दूसरे गेम में भी वह एक समय 10-8 से आगे थी लेकिन फाउल करके मैच गंवा बैठी।

एकल मुकाबले में हार के तुरंत बाद ही क्विम्सी को संभलने का मुश्किल से ही समय मिला, क्योंकि वियतनामी जोड़ी के खिलाफ मिश्रित युगल में कांस्य पदक के मुकाबले के लिए उन्हें अनस के साथ कोर्ट पर वापसी करनी पड़ी।

लगातार दो मैच खेलने का असर उन पर साफ दिख रहा था। दूसरे गेम में 5-9 से पिछड़ने के बाद पीठ के निचले हिस्से में दर्द के कारण उन्होंने 10 मिनट का मेडिकल ब्रेक लिया।

वह कमर पर पट्टी बांधकर लौटी लेकिन गति को बरकरार नहीं रख सकी, जिसके चलते भारतीय जोड़ी को आखिर में हार का सामना करना पड़ा। क्विम्सी हालांकि अपने शानदार प्रदर्शन से भारत का इस खेल से परिचय कराने में सफल रही।

टेकबॉल को पहली बार एशियाई खेलों में शामिल किया गया है। टेकबॉल फुटबॉल और टेबल टेनिस का मिश्रण है। इस खेल का आविष्कार 2014 में हंगरी में फुटबॉल के शौकीन गैबोर बोरसानी, ग्योरगी गैटियन और विक्टर हुस्ज़ार ने किया था।

पहली आधिकारिक टेकबॉल विश्व चैंपियनशिप 2017 में बुडापेस्ट में आयोजित की गई थी।

टेकबॉल में खिलाड़ी हाथों और बाजुओं को छोड़कर अपने शरीर के लगभग हर हिस्से का उपयोग करते हुए एक मानक आकार की फुटबॉल को एक पारदर्शी प्लेक्सीग्लास से विभाजित घुमावदार टेबल पर उछालते हैं।

भाषा

पंत

पंत