चिन्नास्वामी स्टेडियम में राहुल द्रविड़ और अनिल कुंबले स्टैंड का आधिकारिक अनावरण

Ads

चिन्नास्वामी स्टेडियम में राहुल द्रविड़ और अनिल कुंबले स्टैंड का आधिकारिक अनावरण

  •  
  • Publish Date - April 5, 2026 / 08:26 PM IST,
    Updated On - April 5, 2026 / 08:26 PM IST

बेंगलुरु, पांच अप्रैल (भाषा) एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में राहुल द्रविड़ और अनिल कुंबले स्टैंड का रविवार को एक भावुक समारोह में आधिकारिक तौर पर अनावरण किया गया, जिसमें इन दिग्गज खिलाड़ियों के परिवार के सदस्य भी शामिल हुए।

कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (केएससीए) के अध्यक्ष और इन दोनों महान खिलाड़ियों के लंबे समय तक साथी रहे वेंकटेश प्रसाद और उपाध्यक्ष सुजित सोमसुंदर ने अन्य अधिकारियों के साथ मिलकर इस अनावरण समारोह की देखरेख की।

केएससीए ने 14 फरवरी को घोषणा की थी कि 24,177 अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाले द्रविड़ और 956 अंतरराष्ट्रीय विकेट लेने वाले कुंबले, तथा पूर्व भारतीय महिला क्रिकेटर शांता रंगास्वामी के नाम पर चिन्नास्वामी स्टेडियम में स्टैंड (एंड) का नाम रखा जाएगा।

स्टेडियम के दूर स्थित पुराने बीईएमएल ‘एंड’ का नाम बदलकर द्रविड़ के नाम पर रखा गया, जबकि पवेलियन ‘एंड’ का नाम कुंबले के नाम पर कर दिया गया।

द्रविड़ ने कहा, ‘‘यह मेरे लिए दूसरा घर रहा है। यह वह जगह है जहां हमने शायद अपने घरों से भी ज्यादा समय बिताया है। लेकिन यह वही स्थान भी है जिसने सचमुच मुझे वह सब कुछ दिया है जो मैं आज हूं। केएससीए और इस महान, प्रतिष्ठित मैदान ने मुझे जीवन में जो कुछ दिया है, उसके लिए मैं जितना भी आभार व्यक्त करूं, कम है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं आभारी हूं कि वेंकटेश प्रसाद और उनकी समिति ने मेरे नाम पर एक स्टैंड रखने का फैसला किया। इसका मेरे लिए बहुत महत्व है। मुझे पता है कि यह मेरे परिवार के लिए भी बहुत मायने रखेगा।’’

द्रविड़ की मां पुष्पा द्रविड़ और उनके भाई विजय भी इस मौके के गवाह बने।

कुंबले के परिवार के सदस्य भी उपस्थित थे, जिनमें उनकी पत्नी चेतना, बेटा मयास और बेटियां आरुनी और स्वास्ति शामिल थीं।

भाषा नमिता आनन्द

आनन्द