राहुल का शतक बेकार पंजाब किंग्स ने रिकॉर्ड लक्ष्य का पीछा कर दिल्ली कैपिटल्स को हराया

Ads

राहुल का शतक बेकार पंजाब किंग्स ने रिकॉर्ड लक्ष्य का पीछा कर दिल्ली कैपिटल्स को हराया

  •  
  • Publish Date - April 25, 2026 / 08:09 PM IST,
    Updated On - April 25, 2026 / 08:09 PM IST

… अमित आनंद…

नयी दिल्ली, 25 अप्रैल (भाषा) लोकेश राहुल की नाबाद 152 रन की पारी के बावजूद दिल्ली कैपिटल्स को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के बड़े स्कोर वाले टी20 मैच में शनिवार को यहां पंजाब किंग्स के खिलाफ सात गेंद शेष रहते छह विकेट से हार का सामना करना पड़ा। कैपिटल्स ने दो विकेट पर 264 रन बनाए, लेकिन टीम के लचर क्षेत्ररक्षण का फायदा उठाते हुए पंजाब किंग्स ने सलामी बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह की 26 गेंदों में 76 और कप्तान श्रेयस अय्यर की 36 गेंदों में नाबाद 71 रन की पारी से 18.5 ओवर में चार विकेट पर 265 रन बनाकर आईपीएल में सबसे बड़े लक्ष्य का पीछा करने का नया रिकॉर्ड कायम कर अपना अजेय अभियान जारी रखा। । मौजूदा सत्र में यह टीम की सात मैचों में छठी जीत है। कैपिटल्स की सात मैचों में यह चौथी हार है। प्रभसिमरन ने पहले विकेट के लिए प्रियांश आर्य के साथ 42 गेंदों में 128 रन की साझेदारी कर पंजाब को तेज शुरुआत दिलाई। तीन गेंदों के अंदर करुण नायर से मिले दो आसान जीवनदान का फायदा उठाते हुए अय्यर ने चौथे विकेट के लिए नेहाल वढेरा (25) के साथ 31 गेंदों में 51 और पांचवें विकेट के लिए शशांक सिंह (नाबाद 19) के साथ 26 गेंदों में 64 रन की अटूट साझेदारी कर टीम को जीत दिला दी। ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ प्रभसिमरन ने 26 गेंदों की पारी में नौ चौके और पांच छक्के लगाए, जबकि अय्यर ने 36 गेंदों की पारी में तीन चौके और सात छक्के जड़े। राहुल ने नीतीश राणा के साथ दूसरे विकेट के लिए 96 गेंदों में 220 रन की साझेदारी कर जिससे कैपिटल्स ने आईपीएल इतिहास का अपना सबसे बड़ा स्कोर बनाया। आईपीएल में अपने छठे शतक के दौरान राहुल ने 67 गेंदों की पारी में 16 चौके और नौ छक्के लगाए, जबकि राणा ने 44 गेंदों की पारी में 11 चौके और चार छक्कों की मदद से 91 रन बनाए। दोनों की 220 रन की साझेदारी आईपीएल की दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी है। सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड विराट कोहली और एबी डिविलियर्स के नाम है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की इस जोड़ी ने गुजरात लायंस के खिलाफ 2016 में दूसरे विकेट के लिए 229 रन की साझेदारी की थी। राहुल का यह स्कोर किसी भारतीय बल्लेबाज द्वारा आईपीएल में सबसे बड़ा, जबकि ओवरऑल तीसरा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है। उन्होंने 226 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए। राहुल को 12 रन के स्कोर पर अर्शदीप की गेंद पर शशांक सिंह ने कैच छोड़कर जीवनदान दिया और इस बल्लेबाज ने उसका पूरा फायदा उठाते हुए मैदान के हर कोने में बाउंड्री लगाई। पंजाब किंग्स के लिए अर्शदीप सिंह और जेवियर बार्टलेट ने एक-एक विकेट लिए, लेकिन टीम के सभी गेंदबाजों ने रन लुटाए। बार्टलेट ने चार ओवर में 69 रन दिए, जबकि विजयकुमार वैशाख ने तीन ओवर में 48 रन दिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए प्रियांश आर्य ने पहले ही ओवर में अजमतुल्लाह उमरजई की गेंद पर छक्का जड़कर तेवर दिखाए, वहीं प्रभसिमरन ने ओवर का अंत छक्के से किया। इस जोड़ी ने मुकेश कुमार के दूसरे ओवर से 21 और अक्षर पटेल के तीसरे ओवर से 20 रन बटोरे। तीसरे ओवर के दौरान दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी के सिर और कंधे में गंभीर चोट लगने के बाद उन्हें एंबुलेंस की मदद से मैदान से बाहर ले जाया गया। प्रभसिमरन ने चौथे ओवर में तीन छक्के लगाए, जबकि आर्य ने भी इस ओवर में एक छक्का लगाकर कुल 27 रन बटोरे। इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने मुकेश कुमार के खिलाफ चौके के साथ 18 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने इस ओवर में छह चौके जड़े और पंजाब का स्कोर पावरप्ले में बिना किसी नुकसान के 116 रन तक पहुंचा दिया। यह मौजूदा सत्र में पंजाब किंग्स का सर्वश्रेष्ठ और आईपीएल इतिहास का दूसरा सर्वश्रेष्ठ पावरप्ले स्कोर है। अक्षर ने सातवें ओवर में आर्य को आउट कर कैपिटल्स को पहली सफलता दिलाई, जबकि कुलदीप यादव ने प्रभसिमरन को पगबाधा कर पांच गेंदों के भीतर दूसरी सफलता दिलाई। अक्षर की गेंद पर कूपर कोनोली का कैच पकड़ने के बाद मुकेश का पैर बाउंड्री से टकरा गया, जिससे यह छह रन में बदल गया, लेकिन कुलदीप ने अगले ओवर में उन्हें बोल्ड कर जीवनदान का फायदा नहीं उठाने दिया। अय्यर ने कुलदीप के खिलाफ स्क्वायर लेग के ऊपर से छक्का जड़ा। एनगिडी की जगह कन्कशन सब्स्टिट्यूट के तौर पर मैदान पर आए विप्रज निगम ने नेहाल वढेरा को आउट कराया, लेकिन करुण नायर ने इसी ओवर में अय्यर का आसान कैच छोड़ दिया। नायर ने दो गेंद बाद कुलदीप की गेंद पर अय्यर का एक और आसान कैच टपका दिया। अय्यर ने इन दोनों जीवनदान का फायदा उठाते हुए चौका और दो छक्के लगाकर अपना अर्धशतक 26 गेंदों में पूरा किया और फिर शशांक के साथ मिलकर टीम को आसान जीत दिला दी। पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद राहुल ने शुरूआती ओवरों में समझदारी से समय लेने के बाद दूसरे ओवर में बार्टलेट का स्वागत लगातार दो चौकों से किया, लेकिन अर्शदीप की गेंद पर शशांक सिंह ने उनका आसान कैच टपका दिया। अर्शदीप ने हालांकि पथुम निसांका (11) को आउट कर पवेलियन की राह दिखाई। राहुल ने इसी ओवर में दिल्ली की पारी का पहला छक्का जड़ा, वहीं क्रीज पर आए नीतीश राणा ने मार्को यानसेन और फिर वैशाख के खिलाफ लगातार गेंदों पर चौके जड़े। राहुल ने वैशाख की फुलटॉस गेंद को दर्शकों तक पहुंचाया। पावर प्ले में एक विकेट पर 68 रन बनाने के बाद राहुल ने युजवेंद्र चहल की गेंद को लॉन्ग ऑन के ऊपर से छक्के के लिए भेजने के बाद राणा के साथ 25 गेंदों में अर्धशतकीय साझेदारी पूरी की। राहुल ने युजवेंद्र चहल की लगातार गेंदों पर सीधे शॉट में शानदार चौके जड़े, वहीं राणा ने 12वें ओवर में बार्टलेट के खिलाफ दो छक्के और चार चौके लगाकर ओवर से 28 रन बटोरे। इस दौरान उन्होंने 29 गेंदों में अपना अर्धशतक और राहुल के साथ शतकीय साझेदारी पूरी की। राहुल ने यानसेन के खिलाफ 15वें ओवर में चौका लगाकर 47 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। आईपीएल में यह राहुल का सबसे तेज शतक है। इससे पहले उन्होंने 2018 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 56 गेंदों में अपना सबसे तेज शतक बनाया था। उन्होंने आक्रामक तेवर जारी रखते हुए वैशाख के खिलाफ काउ कॉर्नर, फाइन लेग और कवर क्षेत्र के ऊपर से लगातार तीन छक्के लगाकर ओवर से 24 रन बटोरे, जिससे कैपिटल्स का स्कोर एक विकेट पर 213 रन हो गया। चहल की गेंद पर स्टोइनिस ने राणा का बाउंड्री के पास शानदार कैच लपका, लेकिन रिप्ले में उनका पैर बाउंड्री से टकराता दिखा, जिससे यह छह रन हो गए। राहुल ने यानसेन के खिलाफ छक्का जड़कर राणा के साथ 88 गेंदों में 200 रन की साझेदारी पूरी की। राणा ने बार्टलेट के खिलाफ लगातार गेंदों पर छक्का और चौका लगाकर शतक की ओर कदम बढ़ाए, लेकिन कप्तान श्रेयस अय्यर ने शानदार कैच लपककर उन्हें आउट किया। राहुल ने आखिरी ओवर में अर्शदीप की गेंद को विकेटकीपर के ऊपर से चार रन के लिए भेजकर 66 गेंदों में 150 रन के आंकड़े को पार किया। भाषा आनन्द नमितानमिता