संयुक्त राष्ट्र/न्यूयॉर्क, 24 सितंबर (भाषा) विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बृहस्पतिवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा के उच्चस्तरीय सत्र से इतर अपने विदेशी समकक्षों के साथ क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रम पर चर्चा की।
जयशंकर ने बृहस्पतिवार को यहां ब्रिटेन के विदेश मंत्री एड मिलिबैंड से मुलाकात की।
उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं ने “संघर्षों के कारण खाद्य और ऊर्जा सहित वैश्विक स्तर पर पैदा हुई चुनौतियों पर चर्चा की। साथ ही, दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों की भी समीक्षा की।”
जॉर्डन के विदेश मंत्री अयमान सफादी के साथ बैठक के बाद जयशंकर ने कहा, “पश्चिम एशिया के मुद्दे पर हमारी चर्चा बेहद उपयोगी रही।”
मिस्र के विदेश मंत्री बद्र अब्देलती से मुलाकात के बाद जयशंकर ने इसे “क्षेत्रीय घटनाक्रम की उपयोगी समीक्षा” बताया।
जयशंकर ने संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में संयुक्त राष्ट्र परियोजना सेवा कार्यालय (यूएनओपीएस) के प्रमुख जॉर्ज मोरेरा द सिल्वा से भी मुलाकात की।
उन्होंने कहा, “नाजुक और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में रसद व्यवस्था सुगम बनाने में यूएनओपीएस के योगदान की सराहना की।”
जयशंकर ने उच्चस्तरीय सप्ताह के चौथे दिन अपने कार्यक्रमों की शुरुआत एंटीगुआ और बारबुडा के प्रधानमंत्री गैस्टन ब्राउन से मुलाकात के साथ की।
उन्होंने कहा, “हमारी विकास साझेदारी, दक्षता विकास और जलवायु परिवर्तन के क्षेत्र में सहयोग आगे बढ़ रहा है। भारत राष्ट्रमंडल शासनाध्यक्षों की बैठक (सीएचओजीएम) की सफलता के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।”
भाषा खारी वैभव
वैभव