भारतीय महिला हॉकी टीम विश्व कप की तैयारी के अंतिम चरण के लिए जर्मनी रवाना

Ads

भारतीय महिला हॉकी टीम विश्व कप की तैयारी के अंतिम चरण के लिए जर्मनी रवाना

  •  
  • Publish Date - July 29, 2026 / 12:24 PM IST,
    Updated On - July 29, 2026 / 12:24 PM IST

बेंगलुरु, 29 जुलाई (भाषा) भारतीय महिला हॉकी टीम बुधवार को जर्मनी के फ्रैंकफर्ट के लिए रवाना हो गई, जहां वह अगले महीने नीदरलैंड और बेल्जियम की संयुक्त मेजबानी में होने वाले एफआईएच विश्व कप की तैयारियों के अंतिम चरण में भाग लेगी।

टीम बेंगलुरु से मुंबई होते हुए फ्रैंकफर्ट के लिए अपनी अगली उड़ान पर सवार हुई।

भारतीय टीम अभ्यास शिविर में भाग लेने के अलावा 31 जुलाई और एक अगस्त को जर्मनी के खिलाफ अभ्यास मैच भी खेलेगी ताकि टीम के संयोजन को बेहतर बनाया जा सके और टीम यूरोपीय परिस्थितियों से सामंजस्य बिठा सके।

विश्व कप की तैयारियों को आगे बढ़ाने के लिए भारतीय टीम दो अगस्त को नीदरलैंड के एम्स्टर्डम के लिए रवाना होगी।

भारत विश्व कप में 16 अगस्त को चीन के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगा। इसके बाद वह पूल डी में दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड के खिलाफ मैच खेलेगा।

भारतीय कप्तान सलीमा टेटे को 15 से 30 अगस्त तक होने विश्व कप में अच्छे प्रदर्शन पर पूरा भरोसा है।

सलीमा ने टीम के रवाना होने से पहले कहा, ‘‘पूरी टीम चुनौती के लिए तैयार है। हमने अभ्यास शिविर में अच्छी तैयारी की है। हम अपनी अच्छी लय को अभ्यास मैचों और फिर विश्व कप में बरकरार रखना चाहते हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘चीन के खिलाफ पहला मैच बेहद महत्वपूर्ण होगा। हम टूर्नामेंट की सकारात्मक शुरुआत करना चाहते हैं। एक टीम के रूप में हम अच्छा प्रदर्शन करके देश का गौरव बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’’

भाषा

पंत

पंत