खोपड़ी में फ्रैक्चर के वर्षों बाद राउल जिमेनेज बने मैक्सिको के विश्व कप स्टार

Ads

खोपड़ी में फ्रैक्चर के वर्षों बाद राउल जिमेनेज बने मैक्सिको के विश्व कप स्टार

  •  
  • Publish Date - June 12, 2026 / 09:00 AM IST,
    Updated On - June 12, 2026 / 09:00 AM IST

मैक्सिको सिटी, 12 जून (एपी) राउल जिमेनेज पिछले दो विश्व कप में गोल नहीं कर पाए थे। उन्हें इस बीच खोपड़ी में फ्रैक्चर के करण जिंदगी और मौत से जूझना पड़ा था। लेकिन इस 35 वर्षीय स्ट्राइकर ने हार नहीं मानी और आखिर वह घड़ी आ गई जिसका उन्हें वर्षों से इंतजार था।

जिमेनेज ने मैक्सिको की तरफ से विश्व कप फुटबॉल के उद्घाटन मैच में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरा गोल किया। इसके बाद वह अपनी भावनाओं को काबू नहीं रख पाए और रो पड़े। मैक्सिको ने यह मैच 2-0 से जीता।

जिमेनेज का यह मैक्सिको के लिए 46वां लेकिन तीन विश्व कप में पहला गोल था। जिमेनेज इस गोल से मैक्सिको की तरफ से सर्वाधिक गोल करने के मामले में जारेड बोर्गेटी के साथ दूसरे स्थान पर आ गए हैं। वह शीर्ष पर काबिज जेवियर हर्नांडेज़ से छह गोल पीछे हैं।

जिमेनेज की खोपड़ी में 29 नवंबर, 2020 को वॉल्वरहैम्प्टन के लिए खेलते समय फ्रैक्चर हो गया था और उनकी जान बचाने के लिए सर्जरी करनी पड़ी थी। लेकिन दो सप्ताह के भीतर ही वह अभ्यास करने लगे थे। इसके बाद हालांकि वह प्रत्येक मैच में हेलमेट पहनकर खेलते हैं।

मैक्सिको के कोच जेवियर अगुइरे ने कहा, ‘‘मैंने एक इंटरव्यू पढ़ा जिसमें उन्होंने कहा था कि यह उनका विश्व कप होना चाहिए। मुझे लगता है कि उन्होंने शानदार शुरुआत की है।’’

एपी

पंत

पंत