पाटीदार की कप्तानी पारी से आरसीबी के आठ विकेट पर 201 रन
पाटीदार की कप्तानी पारी से आरसीबी के आठ विकेट पर 201 रन
गुवाहाटी, 10 अप्रैल (भाषा) रजत पाटीदार की कप्तानी पारी की मदद से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने विकेटों के पतन के बीच राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ शुक्रवार को आईपीएल के मैच में आठ विकेट पर 201 रन बनाये ।
पाटीदार ने 40 गेंद में चार छक्कों और चार चौकों की मदद से 63 रन बनाये । एक समय पर आरसीबी के छह विकेट 94 रन पर गिर गए थे जिसके बाद उन्होंने मोर्चा संभाला
चैम्पियन बल्लेबाज विराट कोहली ( 16 गेंद में 32 रन ) समेत गत चैम्पियन आरसीबी के सभी बल्लेबाज तेजी से रन बनाने के प्रयास में आउट हो गए । आखिरी ओवरों में इंपैक्ट सब वेंकटेश अय्यर ने 15 गेंद में 29 रन बनाये जिसमें संदीप शर्मा के आखिरी ओवर में 21 रन बने ।
मैच से पहले बारिश के कारण खेल देर से शुरू हुआ और पिच में नमी के कारण अतिरिक्त उछाल मिला । रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया और तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने फिल साल्ट तथा देवदत्त पडिक्कल को सस्ते में आउट कर दिया ।
साल्ट तो पहली ही गेंद पर आउट हो गए । कोहली ने अपनी पारी में सात चौके लगाये लेकिन वह रवि बिश्नोई की गेंद पर बोल्ड हो गए । इसके बाद से आरसीबी के बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं बना सके ।
बिश्नोई ने कृणाल पंड्या का भी विकेट लिया । वहीं बंगाल प्रीमियर लीग टी20 से चुने गए बृजेश शर्मा ने जितेश शर्मा को पवेलियन भेजा । उन्होंने टिम डेविड का भी विकेट चटकाया ।
पिछले साल केकेआर के लिये काफी महंगे बिके वेंकटेश को इंपैक्ट सब के तौर पर भेजना पड़ा और उन्होंने तेजी से रन भी बनाये । लेकिन इसके लिये आरसीबी ने लेग स्पिनर सुयश शर्मा को बाहर रखा जो बिश्नोई की तरह उपयोगी साबित हो सकते थे ।
भाषा मोना
मोना

Facebook


