राष्ट्रीय युवा एथलेटिक्स चैंपियनशिप के अंतिम दिन रिकॉर्डों की झड़ी

राष्ट्रीय युवा एथलेटिक्स चैंपियनशिप के अंतिम दिन रिकॉर्डों की झड़ी

राष्ट्रीय युवा एथलेटिक्स चैंपियनशिप के अंतिम दिन रिकॉर्डों की झड़ी
Modified Date: September 3, 2026 / 10:25 pm IST
Published Date: September 3, 2026 10:25 pm IST

लुधियाना, तीन सितंबर (भाषा) हरियाणा ने बृहस्पतिवार को यहां 21वीं राष्ट्रीय युवा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पदक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया जिसमें अंतिम दिन कई मीट रिकॉर्ड बने और राष्ट्रीय रिकॉर्ड टूटे।

बालकों की ऊंची कूद का मीट रिकॉर्ड झारखंड के हिमांशु कुमार ने तोड़ा, उन्होंने 2.09 मीटर की कूद लगाकर स्वर्ण पदक जीता और नया मीट रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। पिछला रिकॉर्ड राजेश कलीरामाना ने 2005 में बेंगलुरु में 2.08 मीटर की कूद से बनाया था।

असम के जुबिन गोगोईन ने भी पिछले मीट रिकॉर्ड में सुधार किया, लेकिन 2.09 मीटर के प्रदर्शन के साथ उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा।

बालक और बालिका भाला फेंक स्पर्धा में भी मीट रिकॉर्ड टूटे। मध्य प्रदेश के कृष्ण चंद्र ने बालक भाला फेंक स्पर्धा में 79.92 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने 2018 में वडोदरा में रोहित यादव द्वारा बनाए गए 77.41 मीटर के पिछले मीट रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।

पश्चिम बंगाल की मिस्ती करमाकर ने बालिका भाला फेंक स्पर्धा में 52.84 मीटर के प्रदर्शन के साथ स्वर्ण पदक जीता और 2022 में दीपिका द्वारा बनाए गए 51.84 मीटर के पिछले मीट रिकॉर्ड में सुधार किया।

हरियाणा चार स्वर्ण, सात रजत और तीन कांस्य पदक के साथ तालिका में शीर्ष पर रहा। महाराष्ट्र तीन स्वर्ण से आठ पदकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा जबकि कर्नाटक तीन स्वर्ण और दो रजत पदकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा।

भाषा नमिता सुधीर

सुधीर


लेखक के बारे में