स्मृति के नेतृत्व में ‘द हंड्रेड’ के महिला खिलाड़ी ड्रॉफ्ट में ऋचा और दीप्ति भी शामिल

Ads

स्मृति के नेतृत्व में ‘द हंड्रेड’ के महिला खिलाड़ी ड्रॉफ्ट में ऋचा और दीप्ति भी शामिल

  •  
  • Publish Date - March 11, 2026 / 07:51 PM IST,
    Updated On - March 11, 2026 / 07:51 PM IST

लंदन, 11 मार्च (भाषा) सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना के नेतृत्व में ‘द हंड्रेड’ के महिला खिलाड़ी ड्राफ्ट में भारतीय खिलाड़ियों की मौजूदगी देखने को मिली जिसमें ऋचा घोष को 50,000 पाउंड (लगभग 61 लाख रुपये) का अनुबंध मिला और ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने भी बुधवार को यहां हुई नीलामी में करार हासिल किया।

ड्राफ्ट में कुल 178 खिलाड़ियों की बोली लगी जबकि 28 को टूर्नामेंट से पहले ही फ्रेंचाइजी ने या तो बरकरार कर लिया था या सीधे ही करार कर लिया था।

लीग 21 जुलाई को शुरू होगी और 16 अगस्त को खत्म होगी।

ऋचा को मैनचेस्टर सुपर जायंट्स ने 50,000 पाउंड में लिया। भारतीय विकेटकीपर- बल्लेबाज को खरीदने के लिए सिर्फ इसी फ्रेंचाइजी ने बोली लगाई।

मैनचेस्टर सुपर जायंट्स ने पहले मंधाना के साथ ऑस्ट्रेलिया की महान मेग लैनिंग से सीधे करार करके अपनी टीम को मज़बूत किया था जबकि इंग्लैंड की स्पिनर सोफी एक्लेस्टोन को टीम ने रिटेन किया।

इस बीच दीप्ति को सनराइजर्स लीड्स ने 27,500 पाउंड (लगभग 34 लाख) की कीमत पर खरीदा। फ्रेंचाइजी ने बोली शुरू की और अनुभवी भारतीय ऑलराउंडर को लेने के लिए कोई मुकाबला नहीं करना पड़ा।

हालांकि भारत की यास्तिका भाटिया और श्री चरणी निराश हुईं क्योंकि उन्हें ड्राफ्ट में किसी ने नहीं खरीदा।

हर महिला फ्रेंचाइजी के पास अपनी टीम बनाने के लिए 880,000 पाउंड का पर्स था।

बर्मिंघम फीनिक्स, लंदन स्पिरिट, सदर्न ब्रेव और ट्रेंट रॉकेट्स के पास ड्राफ्ट से पहले 520,000 पाउंड बचे थे।

मैनचेस्टर सुपर जायंट्स, एमआई लंदन, सनराइजर्स लीड्स और वेल्श फायर का बजट थोड़ा ज्यादा था जिनके पास बोली शुरू होने से पर्स में 570,000 पाउंड बचे थे।

भाषा नमिता सुधीर

सुधीर