तृणमूल सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने लालू प्रसाद से मुलाकात की, राजद प्रमुख को जननेता बताया

Ads

तृणमूल सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने लालू प्रसाद से मुलाकात की, राजद प्रमुख को जननेता बताया

  •  
  • Publish Date - August 8, 2026 / 10:30 PM IST,
    Updated On - August 8, 2026 / 10:30 PM IST

पटना, आठ अगस्त (भाषा) अभिनेता और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने यहां राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद के आवास पर उनसे मुलाकात की और उनकी जमकर तारीफ की और उन्हें ‘जननेता’ व ‘बहुत अच्छा व्यक्ति’ बताया।

सिन्हा ने कहा कि उन्होंने प्रसाद और उनकी पत्नी राबड़ी देवी के साथ काफी बातचीत की।

उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘मैं यहां सिर्फ लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी से मिलने आया था। लालू जी मेरे पुराने पारिवारिक मित्र हैं, वह एक बड़े कद के राजनेता और जननेता हैं। सबसे बढ़कर, वह एक बहुत अच्छे इंसान हैं। जब भी मैं पटना आता हूं, उनसे मिलता हूं।’

टीएमसी सांसद ने कहा कि वह लालू प्रसाद के बेटे तेजस्वी यादव और तेज प्रताप यादव से मुलाकात नहीं कर सके, क्योंकि वे किसी जरूरी काम से शहर से बाहर थे।

उन्होंने कहा, ‘हालांकि, मेरी लालू जी और राबड़ी जी के साथ काफी बातचीत हुई।’

सिन्हा ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत भाजपा से की थी। कांग्रेस में कुछ समय रहने के बाद वह टीएमसी में शामिल हो गए थे।

उन्होंने राष्ट्रीय पात्रता प्रवेश परीक्षा (नीट) पेपर लीक के खिलाफ छात्रों के प्रदर्शन से निपटने के तरीके को लेकर केंद्र की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार की शुक्रवार को आलोचना की थी, जबकि छात्रों के समर्थन में आगे आने के लिए राहुल गांधी की जमकर तारीफ की थी।

भाषा जोहेब दिलीप

दिलीप