रॉबिन्सन के चार विकेट, पाकिस्तान के चाय तक सात विकेट पर 150 रन

Ads

रॉबिन्सन के चार विकेट, पाकिस्तान के चाय तक सात विकेट पर 150 रन

  •  
  • Publish Date - August 19, 2026 / 10:19 PM IST,
    Updated On - August 19, 2026 / 10:19 PM IST

लीड्स, 19 अगस्त (एपी) तेज गेंदबाज ओली रॉबिन्सन ने बुधवार को हेडिंग्ले में पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला के पहले दिन शानदार प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड की टीम में जोरदार वापसी की।

रॉबिन्सन ने पाकिस्तान के शीर्ष क्रम को बुरी तरह झकझोर दिया और चाय ब्रेक तक 16 ओवर में 39 रन देकर चार विकेट लिए। यह जून के बाद उनका पहला टेस्ट है। उन्होंने इससे पहले दो साल के अंतराल के बाद वापसी वाले टेस्ट में लॉर्ड्स में न्यूजीलैंड के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए सात विकेट लिए थे।

बारिश के कारण सुबह का खेल प्रभावित होने के बाद करीब तीन घंटे के लंबे सत्र में पाकिस्तान चाय तक सात विकेट पर 150 रन बनाकर संकट में था।

रॉबिन्सन ने पाकिस्तान के शीर्ष पांच में से चार बल्लेबाजों को आउट किया। उन्होंने तीन मैचों की श्रृंखला की पहली ही गेंद पर विकेट लेकर इंग्लैंड में एक खास उपलब्धि हासिल की। इंग्लैंड 1880 से टेस्ट की मेजबानी कर रहा है और यह पहली बार है जब किसी गेंदबाज ने श्रृंखला की पहली गेंद पर विकेट लिया।

इंग्लैंड के चार तेज गेंदबाजों के आक्रमण का हिस्सा रॉबिन्सन ने शानदार शुरुआत की। उन्होंने पारी की पहली ही गेंद पर अजान अवैस को विकेट के चारों ओर से अंदर आती गेंद पर फंसाकर बोल्ड किया। इसके बाद उन्होंने गेंदबाजी का छोर बदलकर शान मसूद को ड्राइव खेलने के प्रयास में पगबाधा कर दिया।

मैच में केवल 9.4 ओवर हुए थे कि बारिश के कारण दो घंटे का खेल रोकना पड़ा।

दो विकेट गिरने के बाद अब्दुल्ला शफीक और इमाम-उल-हक ने संभलकर बल्लेबाजी की। दोनों ने धीरे-धीरे लय हासिल की और रन गति बढ़ाई। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 91 रन जोड़े।

लेकिन इमाम जोश टंग की बाहर जाती गेंद पर शॉट खेलने के प्रयास में दूसरी स्लिप में कैच दे बैठे। वह 42 रन बनाकर आउट हुए और पवेलियन लौटते समय खुद से नाराज नजर आए।

फिर 97 रन पर दो विकेट के बाद पाकिस्तान ने 53 रन के भीतर पांच विकेट गंवा दिए।

शफीक ने 82 गेंदों पर अपना 13वां अर्धशतक पूरा किया, लेकिन इसके बाद सऊद शकील को रॉबिन्सन की गेंद पर अंपायर ने पगबाधा आउट दे दिया। शकील ने रिव्यू लेने में भी समय लिया और अंपायर क्रिस गैफनी ने उन्हें टाइम आउट करार दिया। हालांकि वीडियो रिप्ले में गेंद लेग स्टंप के ऊपरी हिस्से से बाहर जाती हुई दिखाई दी।

इसके तुरंत बाद शफीक भी 61 रन बनाकर रॉबिन्सन की गेंद पर बोल्ड हो गए। उस समय इंग्लैंड के विकेटकीपर जेमी स्मिथ बल्लेबाज के करीब खड़े होकर अतिरिक्त दबाव बना रहे थे।

चाय से ठीक पहले अंत के पांच मिनट में जोश टंग ने कप्तान सलमान आगा और अली उस्मान को लगातार दो गेंदों पर आउट कर दिया। इसके तुरंत बाद चाय की घोषणा कर दी गई।

एपी नमिता सुधीर

सुधीर