लखनऊ : CM Yogi Adityanath News : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज नई दिल्ली में आयोजित यूपी -जापान इन्वेस्टमेण्ट मीट-2026 के दौरान प्रमुख कम्पनियों के सीईओ व बिजनेस लीडर्स के साथ आयोजित राउण्ड टेबल मीटिंग में निवेशकों का उत्तर प्रदेश में निवेश के प्रति उत्साह दिखाने के लिए आभार जताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि विगत 09 वर्षों में उत्तर प्रदेश में 360 डिग्री का व्यापक परिवर्तन हुआ है। इसी बदलाव के कारण आज उत्तर प्रदेश भारत के ड्रीम इन्वेस्टमेण्ट डेस्टिनेशन के रूप में उभरकर सामने आया है।मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में निवेश करने वाले उद्यमियों और कम्पनियों को सरकार की ओर से हर सम्भव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने निवेशकों का आह्वान करते हुए कहा कि वह उत्तर प्रदेश आएं और यहाँ अपनी औद्योगिक एवं कारोबारी गतिविधियों का विस्तार करें। प्रदेश सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि निवेशकों को किसी भी स्तर पर अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन्वेस्टमेण्ट मीट को लेकर जिस तरह की उत्सुकता प्रमुख उद्योगपतियों और सभी सीईओ ने दिखाई है, उसके लिए वह सभी का हृदय से धन्यवाद करते हैं। निवेशकों द्वारा दिए गए सुझावों को प्रदेश सरकार की टीम ने गम्भीरता से संज्ञान में लिया है। उन्होंने आश्वस्त किया कि निवेशकों के सुझावों और अपेक्षाओं पर गम्भीरता से विचार किया जाएगा और जो भी व्यावहारिक समस्याएँ सामने आएंगी, उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। सरकार प्रदेश में निवेश अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश के पास बड़ी संख्या में युवा मैनपावर है। सरकार युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुरूप स्किलिंग और अपस्किलिंग के अवसर उपलब्ध करा रही है। इससे निवेशकों को प्रशिक्षित और सक्षम मानव संसाधन उपलब्ध होगा। प्रदेश में बदलते औद्योगिक परिदृश्य के अनुरूप इन्फ्रास्ट्रक्चर, कनेक्टिविटी, स्किल्ड मैनपावर और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को लगातार मजबूत किया जा रहा है। इसका सीधा लाभ प्रदेश में निवेश करने वाली कम्पनियों को मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में होने वाला निवेश निवेशकों के लिए काफी लाभदायक साबित होगा। प्रदेश सरकार अपनी नीतियों के दायरे में निवेशकों को हर सम्भव सहयोग प्रदान करेगी। सरकार का प्रयास है कि निवेश की प्रक्रिया सरल, पारदर्शी और समयबद्ध हो तथा उद्यमियों को अपने कारोबार के विस्तार पर ध्यान देने के लिए बेहतर वातावरण मिले। सरकार की पूरी टीम निवेशकों के साथ खड़ी है और किसी भी प्रकार की समस्या आने पर उसके समाधान के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार केवल घोषणाएँ करने में विश्वास नहीं करती, बल्कि जो कहती है, उसे धरातल पर उतारती है। विगत 09 वर्षों में प्रदेश में आए बदलाव को निवेशक स्वयं देख सकते हैं। कानून-व्यवस्था, कनेक्टिविटी, इन्फ्रास्ट्रक्चर, औद्योगिक वातावरण और निवेश के लिए तैयार नीतियों से आए बदलाव ने उत्तर प्रदेश की नई तस्वीर प्रस्तुत की है। सरकार की कार्यप्रणाली में आया यह बदलाव निवेशकों को भी दिखाई देगा। उन्होंने इस इन्वेस्टमेण्ट मीट को उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास और निवेश के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे संवाद के माध्यम से सरकार को उद्योग जगत की अपेक्षाओं और जरूरतों को समझने का अवसर मिलता है, वहीं निवेशकों को प्रदेश में उपलब्ध सम्भावनाओं और सुविधाओं की जानकारी मिलती है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में प्रमुख उद्योग समूहों की बढ़ती रुचि से प्रदेश में नए निवेश, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी। उन्होंने निवेशकों से उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा में सहभागी बनने और प्रदेश में निवेश के अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया।इस अवसर पर यामानाशी प्रीफेक्चर, जापान के गवर्नर कोटारो नागासाकी, प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता ‘नन्दी’, नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा, औद्योगिक विकास राज्य मंत्री जसवंत सिंह सैनी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें