पीलीभीत में उधार सामान देने से इनकार पर बुजुर्ग दुकानदार की हत्या

Ads

पीलीभीत में उधार सामान देने से इनकार पर बुजुर्ग दुकानदार की हत्या

  •  
  • Publish Date - August 19, 2026 / 11:28 PM IST,
    Updated On - August 19, 2026 / 11:28 PM IST

पीलीभीत (उप्र), 19 अगस्त (भाषा) पीलीभीत जिले में उधार सामान देने से इनकार करने पर एक बुजुर्ग दुकानदार की कथित तौर पर कुदाल से हमला कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, घटना मंगलवार रात बरखेड़ा थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव में हुई। मृतक की पहचान 70 वर्षीय श्रीपाल के रूप में हुई है।

पुलिस ने हत्या के मामले में पिता-पुत्र समेत तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

बरखेड़ा थाना प्रभारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि आरोपियों की पहचान सुनील कुमार उर्फ भोला, उसके भाई सुशील और उनके पिता महेंद्रपाल गंगवार के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, मंगलवार रात सुनील श्रीपाल की दुकान पर उधार में सामान लेने गया था। दुकानदार ने उधार देने से इनकार कर दिया, जिसके बाद दोनों के बीच बहस हो गई।

पुलिस ने बताया कि इसके बाद सुनील कथित तौर पर घर गया और अपने भाई तथा पिता के साथ कुदाल लेकर दुकान पर लौट आया। तीनों की श्रीपाल के साथ फिर बहस हुई, जिसके बाद सुनील ने कथित तौर पर कुदाल से उन पर हमला कर दिया।

हमले में कुदाल श्रीपाल की जांघ पर लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें बरखेड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई।

बाद में उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बरेली के एक उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि पीड़ित के परिजनों की शिकायत पर बरखेड़ा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। मामले में कानूनी कार्रवाई जारी है।

भाषा सं जफर खारी

खारी