IPL 2026: राजस्थान रॉयल्स के बाद बिकी आरसीबी, इतने करोड़ रुपये में हुआ सौदा, ये दिग्गज कारोबारी बने मालिक

Royal Challengers Bangalore has a new owner

IPL 2026: राजस्थान रॉयल्स के बाद बिकी आरसीबी, इतने करोड़ रुपये में हुआ सौदा, ये दिग्गज कारोबारी बने मालिक

IPL 2026. Image Source- IBC24 Archive

Modified Date: March 26, 2026 / 12:34 am IST
Published Date: March 26, 2026 12:34 am IST

नई दिल्लीः IPL 2026: आईपीएल 2026 सीजन से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को लेकर बड़ा कॉर्पोरेट सौदा सामने आया है। टीम की मालिक यूनाइटेड स्प्रिट्स लिमिटेड (USL) ने फ्रेंचाइजी बेचने का फैसला करते हुए इसे निवेशकों के एक समूह को सौंप दिया है। यह डील करीब 1.78 अरब डॉलर (लगभग 16,706 करोड़ रुपये) में हुई है। खरीदारों में आदित्य बिरला ग्रुप, टाइम्स ग्रुप, बोल्ट वेंचर्स और ब्लैकस्टोन शामिल हैं। इस सौदे के बाद फ्रेंचाइजी की 100 फीसदी हिस्सेदारी नए कंसोर्टियम के पास चली जाएगी।

जानकारी के मुताबिक, इस डील में RCB की पुरुष और महिला दोनों टीमें शामिल हैं। यूएसएल, जो कि डियाजियो की सहायक कंपनी है, लंबे समय से इस निवेश से बाहर निकलने की रणनीति बना रही थी। खास बात यह है कि एक ही दिन में आईपीएल की दो टीमों के मालिक बदले हैं। इससे पहले राजस्थान रॉयल्स भी अरबों की डील में बिक चुकी है। क्रिकेट के जानकारों का मानना है कि यह सौदा आईपीएल की बढ़ती ब्रांड वैल्यू और ग्लोबल निवेशकों की दिलचस्पी को दिखाता है।

बीसीसीआई और आईपीएल की मंजूरी मिलना बाकी

IPL 2026: समझौते के तहत एबीजी के निदेशक आर्यमान विक्रम बिड़ला को आरसीबी का चेयरमैन (प्रमुख) बनाया जाएगा, जबकि टाइम्स ऑफ इंडिया के सत्यन गजवानी उनके उप प्रमुख होंगे। इस सौदे को हालांकि अभी भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) और आईपीएल संचालन समिति के साथ-साथ महिला प्रीमियर लीग और भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग से औपचारिक मंजूरी मिलनी बाकी है।

कौन-कौन था दौड़ में शामिल

आरसीबी को खरीदने की दौड़ में टाइम्स इंटरनेट के नेतृत्व वाला कंसोर्टियम, एबीजी और आर्सेलरमित्तल के सीईओ आदित्य मित्तल के नेतृत्व वाला मित्तल परिवार भी शामिल था। लेकिन यूएसएल ने आदित्य बिरला ग्रुप की अगुआई वाले कंसोर्टियम (समूह) के साथ करार करने का फैसला किया। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि आरसीबी का स्वामित्व आधिकारिक रूप से कब इस ग्रुप को मिलता है।

एक ही दिन में दो बड़े सौदे

आईपीएल इतिहास में 24 मार्च 2026 का दिन ऐतिहासिक साबित हो रहा है। इस दिन इस लीग के इतिहास के दो सबसे बड़े सौदे हुए। पहले राजस्थान रॉयल्स को 15000 करोड़ से अधिक में खरीदने पर सहमति बनी जो टूर्नामेंट के इतिहास का सबसे महंगा करार था। लेकिन ये रिकॉर्ड 24 घंटे भी नहीं टिक सका क्योंकि मंगलवार की रात तक यूएसएल ने आरसीबी को 16000 करोड़ से अधिक की कीमत पर बेच दिया। इस तरह ये डील आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा करार बन गया।

इन्हें भी पढ़े:-


लेखक के बारे में

सवाल आपका है.. पत्रकारिता के माध्यम से जनसरोकारों और आप से जुड़े मुद्दों को सीधे सरकार के संज्ञान में लाना मेरा ध्येय है। विभिन्न मीडिया संस्थानों में 10 साल का अनुभव मुझे इस काम के लिए और प्रेरित करता है। कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से इलेक्ट्रानिक मीडिया और भाषा विज्ञान में ली हुई स्नातकोत्तर की दोनों डिग्रियां अपने कर्तव्य पथ पर आगे बढ़ने के लिए गति देती है।