रॉयल्स ने करो या मरो मैच में मुंबई इंडियन्स को दिया 206 रन का लक्ष्य

Ads

रॉयल्स ने करो या मरो मैच में मुंबई इंडियन्स को दिया 206 रन का लक्ष्य

  •  
  • Publish Date - May 24, 2026 / 05:53 PM IST,
    Updated On - May 24, 2026 / 05:53 PM IST

मुंबई, 24 मई (भाषा) राजस्थान रॉयल्स ने लगातार अंतराल पर विकेट गिरने के बावजूद प्लेऑफ में पहुंचने के लिए अपने करो या मरो वाले आईपीएल टी20 मैच में रविवार को यहां मुंबई इंडियंस के खिलाफ आठ विकेट पर 205 रन बनाए।

इस मैच में जीत से राजस्थान का प्लेऑफ में स्थान पक्का हो जाएगा, जबकि हार से उनका अभियान लीग चरण में ही खत्म हो जाएगा।

पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर टीम लगातार अंतराल पर विकेट गंवाती रही, लेकिन ध्रुव जुरेल ने 26 गेंद में 38, जोफ्रा आर्चर ने 15 गेंद में 32, दासुन शनाका ने 15 गेंद में 29 और यशस्वी जायसवाल ने 17 गेंद में 27 रन का अहम योगदान दिया।

टीम पूरी पारी के दौरान बड़ी साझेदारी करने में नाकाम रहने के बावजूद 200 रन का आंकड़ा पार करने में सफल रही।

रविंद्र जडेजा (नाबाद 19) और नांद्रे बर्गर (नाबाद 10) ने आखिरी ओवरों में 13 गेंद में 30 रन की साझेदारी कर टीम को प्रतिस्पर्धी स्कोर तक पहुंचाया।

मुंबई इंडियन्स के लिए दीपक चाहर ने 43 और शारदुल ठाकुर ने 41 रन देकर दो-दो विकेट लिये।

विल जैक्स, अल्लाह गजानफर और कोर्बिन बॉश को एक-एक सफलता मिली।

पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर जायसवाल ने चाहर के खिलाफ छक्के के साथ हाथ खोले। इसके बाद उन्होंने विल जैक्स की गेंद को भी दर्शकों के बीच पहुंचाया। वह एक और बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में जैक्स की गेंद को हवा में खेल बैठे और बॉश ने आसान कैच लपककर रॉयल्स को पहला झटका दिया।

दूसरे छोर पर असहज दिख रहे वैभव सूर्यवंशी (चार) भी अगले ओवर में चाहर की गेंद को हवा में लहराकर कैच आउट हो गए।

कप्तान रियान पराग (14) ने क्रीज पर आते ही छक्के के साथ हाथ खोला और फिर अल्लाह गजनफर की गेंद पर लगातार दो चौके जड़े। वह पावरप्ले का अंत छक्के के साथ करने की कोशिश में बाउंड्री के पास तिलक वर्मा द्वारा लपके गए, जिससे टीम ने छह ओवर में 54 रन पर तीन विकेट गंवा दिए।

छठे ओवर में गजनफर पर छक्का जड़ने वाले ध्रुव जुरेल ने एक छोर से संभलकर बल्लेबाजी की, तो वहीं दूसरे छोर से शनाका ने अफगानिस्तान के इस गेंदबाज और रघु शर्मा के खिलाफ आसानी से छक्के जड़कर रनगति बनाए रखी।

शनाका की 15 गेंद में 29 रन की आक्रामक पारी का अंत जुरेल के साथ गलतफहमी के कारण रन आउट होने से हुआ। इन दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 45 रन की साझेदारी की जो रॉयल्स की पारी की सबसे बड़ी साझेदारी रही।

इस विकेट के बाद जुरेल ने तेजी से रन बनाने का मोर्चा संभालते हुए गजानफर के खिलाफ लगातार दो चौके और मिडऑन के ऊपर से बड़ा छक्का जड़ दिया। उनकी पारी भी ज्यादा लंबी नहीं चली और बॉश की शानदार यॉर्कर पर जुरेल का विकेट उखड़ गया।

डोनोवन फरेरा 14 गेंद में 18 रन बनाकर चाहर का दूसरा शिकार बने।

बल्लेबाजी क्रम में ऊपर भेजे गए आर्चर ने भी अपनी पारी में तीन छक्के जड़े, वहीं जडेजा और बर्गर ने आखिरी ओवरों में मुंबई के गेंदबाजों को परेशान किया।

भाषा आनन्द नमिता

नमिता