कोलंबो, 15 सितंबर (भाषा) श्रीलंका के स्टार भाला फेंक खिलाड़ी रुमेश पथिरागे को उस समय झटका लगा जब एशियाई खेलों से पहले हवाई यात्रा के दौरान उनके पांच भाले क्षतिग्रस्त हो गए जिनसे उन्होंने अभी तक कई महत्वपूर्ण जीत हासिल की थी।
यह 23 वर्षीय खिलाड़ी 13 सितंबर को विश्व एथलेटिक्स अल्टीमेट चैंपियनशिप में भाग लेने के बाद तुर्किए एयरलाइन्स की उड़ान से बुडापेस्ट से श्रीलंका लौट रहा था।
पथिरागे ने कहा, ‘‘विमान के अंदर मेरे सभी पांचों भाले क्षतिग्रस्त हो गए। इनसे मैंने जीत हासिल की थी। मैं आगामी एशियाई खेलों, 2028 के ओलंपिक और विश्व चैंपियनशिप में इनका उपयोग करता।’’
उन्होंने एयरलाइंस के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
श्रीलंका के इस खिलाड़ी का इस साल प्रदर्शन शानदार रहा है। उन्होंने इस साल तीन बार 90 मीटर का आंकड़ा पार किया है। यह तीनों थ्रो उन्होंने उन भालों से किए थे जो अब क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
वह एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने के प्रबल दावेदार हैं।
भाषा पंत
पंत