नयी दिल्ली, 19 अप्रैल (भाषा) भारत के पूर्व ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन का मानना है कि चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ आईपीएल मैच में फॉर्म में वापसी करने का एक शानदार मौका गंवा दिया।
सनराइजर्स ने शनिवार को खेले गए मैच में सीएसके को 10 रन से हराया। सनराइजर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए नौ विकेट पर 194 रन बनाए जिसके जवाब में सीएसके आठ विकेट पर 184 रन ही बना पाया।
अश्विन ने कहा कि गायकवाड दबाव में नजर आ रहे हैं।
उन्होंने जिओस्टार से कहा, ‘‘उनके लिए रन बनाने का यह सबसे अच्छा मौका था। आयुष म्हात्रे की अच्छी शुरुआत को देखते हुए उन्हें जोखिम लेने या तेज गति से रन बनाने की जरूरत नहीं थी। पावरप्ले में उनकी टीम पूरी तरह हावी थे। रुतुराज के पास क्रीज पर कुछ समय बिताने , कुछ रन बनाने और फॉर्म में वापसी करने का सुनहरा अवसर था।’’
अश्विन ने कहा, ‘‘आयुष म्हात्रे का विकेट गिरने के बाद, रुतुराज को एक बहुत अच्छी गेंद मिली, वह पुल शॉट अच्छी तरह से खेलता है लेकिन मुझे लगता है कि वह बहुत दबाव में है और उसका दिमाग थोड़ा उलझन में है।’’
रुतुराज ने आईपीएल के वर्तमान सत्र में अपने पहले छह मैचों में केवल 82 रन बनाए हैं। उनका औसत मात्र 13.67 और स्ट्राइक रेट 112.33 है।
सनराइजर्स की तरफ से श्रीलंका के तेज गेंदबाज ईशान मलिंगा ने शानदार प्रदर्शन किया और तीन विकेट लिए। सनराइजर्स के गेंदबाजी कोच वरुण आरोन ने उनकी जमकर तारीफ की।
आरोन ने कहा, ‘‘ईशान मलिंगा को कम करके आंका जाता है। उन्होंने शुरू से ही अच्छी गेंदबाजी की है। पिछले सत्र में भी उनका प्रदर्शन अच्छा रहा था। खासकर जब गेंद रिवर्स स्विंग होती है, तो डेथ ओवरों में वह और भी प्रभावी हो जाता है। वह एक विशुद्ध टी20 गेंदबाज है।’’
युवा तेज गेंदबाज प्रफुल्ल हिंगे ने अपने पदार्पण मैच में शानदार प्रदर्शन करके चार विकेट लिए थे लेकिन पिछले मैच में वह नहीं चल पाए। आरोन ने कहा कि यह उनके लिए अच्छा सबक है।
उन्होंने कहा, ‘‘हम कई वर्षों से आईपीएल देख रहे हैं। यही तो इस लीग का सार है। आप पहले ही ओवर में तीन विकेट ले सकते हैं, जैसा कि प्रफुल्ल हिंगे ने अपने पहले मैच में किया और दूसरे दिन आप एक ओवर में 15 रन दे सकते हैं। इसलिए यह उसके लिए एक अच्छा सबक है।’’
शनिवार को एक अन्य मैच में डेविड मिलर ने आखिरी ओवर में दो छक्के लगाकर दिल्ली कैपिटल्स को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ रोमांचक जीत दिलाई।
पूर्व भारतीय बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने उनके प्रदर्शन के बारे में कहा, ‘‘‘डेविड मिलर पर दबाव रहा होगा, क्योंकि वह पिछले मैचों में से एक में टीम को जीत नहीं दिला पाए थे। इसलिए मन में संदेह पैदा हो सकता है, लेकिन वह अनुभवी बल्लेबाज हैं और आखिरकार उन्होंने मैच जिता लिया।’’
दिल्ली ने आखिरी ओवर में 15 रन बनाकर आरसीबी को छह विकेट से हराया।
भाषा
पंत
पंत