एसए20 ने देश को क्रिकेट वापिस दिया है : स्टेन
एसए20 ने देश को क्रिकेट वापिस दिया है : स्टेन
(जी उन्नीकृष्णन)
बेंगलुरू, 12 जून (भाषा) दक्षिण अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज डेल स्टेन ने एसए20 लीग की सफलता में आईपीएल और दक्षिण अफ्रीका की इस टी20 लीग के बीच तालमेल को बड़ा पहलू बताते हुए कहा कि एसए20 ने उनके देश में दर्शकों को फिर स्टेडियम में लौटाया है ।
पहले चार सत्रों में एसए 20 काफी कामयाब रही है और क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका को पांचवें सत्र में भी यह सिलसिला जारी रहने की उम्मीद है ।
स्टेन ने एसए 20 के पांचवें सत्र से पहले चुनिंदा मीडिया से बातचीत में कहा ,‘‘ दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट के लिये बेकरार है । कोरेाना काल में दक्षिण अफ्रीका भी खेल से दूर हो गया था । स्थानीय खेलों पर उसकी बड़ी गाज गिरी । एसए 20 कमिश्नर ग्रीम स्मिथ और लीग ने क्रिकेट को देश में लौटाया है ।’’
उन्होंने कहा ,‘‘ लोग क्रिकेट देखने को उतावले थे और हमने दर्शकों को वह दिया । उन्होंने इसे हाथोहाथ लिया और एसए20 ने भी निराश नहीं किया । लोग बड़ी तादाद में अपनी टीमों का समर्थन करने स्टेडियम आ रहे हैं ।’’
स्टेन ने कहा कि आईपीएल में दक्षिण अफ्रीका के क्रिकेटरों के लगातार खेलने और एसए 20 में टीम के भारतीय मालिक होना लीग की सफलता का बड़ा कारण है ।
उन्होंने कहा ,‘‘ दक्षिण अफ्रीका के भारत से शानदार संबंध रहे हैं । एसए 20 आने के बाद और ईस्टर्न केप, एमआई केपटाउन जैसी टीमों के मालिक भारतीय होने से भी काफी फर्क पड़ा । शेड्यूल बनाते समय सीएसए पूरा ध्यान रखता है कि आईपीएल में खिलाड़ियों की भागीदारी पर असर नहीं पड़े और दक्षिण अफ्रीका के अधिकांश क्रिकेटर पूरा आईपीएल खेलते हैं ।’’
यह पूछने पर कि जिस तरह बिग बैश लीग 2026 . 27 चेन्नई में खेला जाना है, क्या एसए 20 भारत में हो सकता है, स्टेन ने कहा ,‘‘ एसए 20 का सबसे बड़ा हासिल दर्शक है । दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेटप्रेमियों से यह छीनना ज्यादती होगा । भारतीयों के पास दुनिया की सबसे बड़ी लीग आईपीएल है ही । एसए 20 दक्षिण अफ्रीका में काफी कामयाब है तो मुझे नहीं लगता कि उसे बाहर कराने की जरूरत है ।’’
भाषा मोना
मोना

Facebook


