एसए20 : मार्श सनराइजर्स से जुड़े, कुरेन सुपर जाइंट्स में

Ads

एसए20 : मार्श सनराइजर्स से जुड़े, कुरेन सुपर जाइंट्स में

  •  
  • Publish Date - August 5, 2026 / 04:24 PM IST,
    Updated On - August 5, 2026 / 04:24 PM IST

जोहानिसबर्ग, पांच अगस्त (भाषा) आस्ट्रेलिया के टी20 कप्तान मिचेल मार्श एसए20 में पदार्पण करके तीन बार की चैम्पियन सनराइजर्स ईस्टर्न केप से जुड़ेंगे जबकि इंग्लैंड के हरफनमौला सैम कुरेन अब मुंबई इंडियंस केपटाउन की जगह डरबन सुपर जाइंट्स के लिये खेलेंगे ।

सनराइजर्स ईस्टर्न केप के पास क्विंटोन डिकॉक, मैथ्यू ब्रीज्के, जोर्डन हरमान और कप्तान ट्रिस्टन स्टब्स जैसे बल्लेबाज हैं । वहीं कुरेन इंग्लैंड के अपने साथी जोस बटलर के साथ सुपर जाइंट्स टीम का हिस्सा होंगे ।

पिछली उपविजेता प्रिटोरिया कैपिटल्स को शीर्षक्रम में फिल साल्ट और आस्ट्रेलिया के मैट शॉर्ट जैसे बल्लेबाज मिल गए हैं ।उनके पास डेवाल्ड ब्रेविस, शेरफान रदरफोर्ड, आंद्रे रसेल और कोनोर ईस्टरहुइजेन जैसे आक्रामक बल्लेबाज भी हैं ।

इंग्लैंड के हरफनमौला विल जैक्स अब कैपिटल्स की जगह एमआई केपटाउन टीम में होंगे ।वह आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिये खेल चुके हैं और द हंड्रेड में एमआई लंदन टीम का हिस्सा हैं ।

डरबन सुपर जाइंट्स और पार्ल रॉयल्स ने नीलामी से पहले अपने 19 खिलाड़ियों की टीम पूरी कर ली है । बाकी चार टीमों के लिये 19 स्थान उपलब्ध हैं ।

एसए20 के लीग कमिश्नर और दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान ग्रीम स्मिथ ने कहा कि मार्श, कुरेन और साल्ट जैसे खिलाड़ियों की मौजूदगी बताती है कि लीग कितनी लोकप्रिय हो गई है ।

उन्होंने कहा ,‘‘ पांचवां सत्र लीग का सबसे दमदार सत्र होगा । हमारे पास मिचेल मार्श, जो रूट, सैम कुरेन और फिल साल्ट जैसे खिलाड़ी होंगे ।नीलामी से पहले फ्रेंचाइजी ने अपनी टीमें लगभग चुन ली है ।’’

एसए20 का अगला सत्र 17 जनवरी से शुरू होगा जबकि फाइनल 21 फरवरी को केपटाउन में खेला जायेगा ।

भाषा मोना

मोना