नयी दिल्ली, 10 अप्रैल (भाषा) भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) मुख्यालय स्थित कैंटीन के संचालक ने रसोई गैस की कमी का हवाला देते हुए अपने संचालन को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि इसकी असली वजह विक्रेता द्वारा लिए जा रहे ‘अत्यधिक दाम’ हो सकते हैं।
जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम परिसर में स्थित यह कैंटीन लगभग एक महीने से बंद है। शुरुआत में विक्रेता ने गैस की कमी के चलते केवल चाय उपलब्ध कराने की बात कही थी, लेकिन अब वह सेवा भी पूरी तरह बंद हो चुकी है। कैंटीन पर निर्भर कर्मचारी फिलहाल आसपास के ढाबों और दुकानों से भोजन की व्यवस्था कर रहे हैं।
इसका असर हालांकि स्टेडियम में प्रशिक्षण ले रहे खिलाड़ियों पर नहीं पड़ा है। खिलाड़ियों के लिए स्टेडियम की मेस व्यवस्था पहले की तरह सुचारू रूप से चल रही है और वहां भोजन की कोई समस्या नहीं है।
सूत्र ने कहा, ‘‘विक्रेता द्वारा तय किए गए दाम काफी अधिक थे और वह उनके औचित्य को स्पष्ट नहीं कर पा रहा था। इसी वजह से प्राधिकरण की ओर से उससे सवाल-जवाब किए गए, जिससे असंतोष की स्थिति बनी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘उच्चस्तरीय बैठकों में चाय-नाश्ते की एक प्लेट के लिए विक्रेता 425 रुपये तक वसूल रहा था, जिसमें ढोकला, काजू और मिठाई शामिल होती थी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इस पर महानिदेशक (हरि रंजन राव) ने संज्ञान लेते हुए इन दरों पर रोक लगाई और मामले की जांच के निर्देश दिए।’’
पश्चिम एशिया में जारी सैन्य संघर्ष के दौरान भारत में रसोई गैस की आपूर्ति श्रृंखला प्रभावित हुई है, जिसके चलते कई जगहों पर गैस की कमी की शिकायतें सामने आई हैं।
भाषा आनन्द मोना
मोना