नयी दिल्ली, 13 जुलाई (भाषा) लेखिका अरुंधति रॉय, अभिनेता नसीरुद्दीन शाह, अभिनेत्री रत्ना पाठक शाह तथा अर्थशास्त्री जयती घोष सहित कई प्रमुख हस्तियों ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे प्रदर्शनकारियों से अपना अनशन समाप्त करने की सोमवार को अपील की। साथ ही उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग का पूर्ण समर्थन भी जताया।
संयुक्त बयान में इन हस्तियों ने कहा कि सरकार के खिलाफ जारी इस आंदोलन का नेतृत्व करने के लिए वे प्रदर्शनकारियों के ‘‘अत्यंत आभारी’’ हैं, लेकिन उनकी लगातार बिगड़ती सेहत को लेकर गहरी चिंता भी व्यक्त करते हैं।
बयान में कहा गया, ‘‘हम आपके उद्देश्य के प्रति समर्पण, दृढ़ संकल्प और साहस को सलाम करते हैं। आप पूरे देश के विद्यार्थियों और युवाओं के लिए इस आंदोलन का नेतृत्व कर रहे हैं।’’
प्रदर्शनकारियों से अनशन समाप्त करने की अपील करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘हम आपसे आग्रह करते हैं कि आगे की लंबी और अधिक कठिन लड़ाई को ध्यान में रखते हुए कृपया तत्काल अपना अनशन समाप्त करने पर विचार करें। यह संघर्ष छोटी दूरी की दौड़ नहीं, बल्कि लंबी मैराथन है। आने वाले दिनों में हमें आपकी ऊर्जा, आपकी ताकत और आपके नेतृत्व की आवश्यकता होगी।’’
प्रमुख हस्तियों के इस समूह ने कहा कि उन्हें आशंका है कि सरकार द्वारा उनकी मांगों पर कथित तौर पर ध्यान न दिए जाने से अनशन पर बैठे लोगों की सेहत और अधिक बिगड़ सकती है।
भाषा खारी वैभव
वैभव