साइना नेहवाल ने ‘खेलें साणंद उत्सव’ 2026 का किया उद्घाटन

साइना नेहवाल ने ‘खेलें साणंद उत्सव’ 2026 का किया उद्घाटन

साइना नेहवाल ने ‘खेलें साणंद उत्सव’ 2026 का किया उद्घाटन
Modified Date: September 17, 2026 / 05:38 pm IST
Published Date: September 17, 2026 5:38 pm IST

साणंद (गुजरात), 17 सितंबर (भाषा) ओलंपिक पदक विजेता बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल ने बृहस्पतिवार को यहां ‘खेलें साणंद स्पोर्ट्स उत्सव’ 2026 का उद्घाटन किया।

इसके साथ ही साणंद तालुका के सभी 105 गांवों में 18 दिवसीय ओलंपिक खेल अभियान की शुरुआत हुई।

‘विजयी भारत फाउंडेशन’ (वीबीएफ) की ‘खेलें साणंद पहल’ के तहत आयोजित यह खेल उत्सव 17 सितंबर से सात अक्टूबर तक चलेगा। इसका उद्देश्य 150 से अधिक स्कूलों के 25,000 से ज्यादा विद्यार्थियों को खेलों से जोड़ना है।

इसमें पांच से 17 वर्ष की आयु के लड़के और लड़कियां अंडर-8, अंडर-11, अंडर-14 और अंडर-17 वर्गों में हिस्सा लेंगे।

उत्सव में कबड्डी, सॉफ्टबॉल थ्रो, बच्चों की भाला फेंक, दौड़, साइकिलिंग, खो-खो, शतरंज, स्टैंडिंग ब्रॉड जंप, बैडमिंटन, वॉलीबॉल और रस्साकशी जैसी प्रतियोगिताएं होंगी। इसके अलावा खेल प्रश्नोत्तरी का भी आयोजन किया जाएगा।

नेहवाल ने कहा, ‘‘जब पूरा तालुका अपने बच्चों के लिए खेल के मौके पैदा करने के लिए एकजुट होता है तो इसका प्रभाव प्रतियोगिता से कहीं आगे तक जाता है। ’’

ओलंपिक पदक विजेता निशानेबाज और ‘विजयी भारत फाउंडेशन’ के सलाहकार गगन नारंग ने कहा, ‘‘भारत का खेल भविष्य इस बात से तय होगा कि हम खेलों को पारंपरिक प्रतियोगिता केंद्रों से आगे ले जाकर हर समुदाय के बच्चों के लिए कितने प्रभावी ढंग से मौके पैदा करते हैं। ’’

भाषा नमिता सुधीर

सुधीर


लेखक के बारे में