साईतेजा मुक्कमल्ला का अर्धशतक, अमेरिका ने बनाए छह विकेट पर 196 रन
साईतेजा मुक्कमल्ला का अर्धशतक, अमेरिका ने बनाए छह विकेट पर 196 रन
चेन्नई, 13 फरवरी (भाषा) अमेरिका ने साईतेजा मुक्कमल्ला (79 रन) के अर्धशतक और अंत में शुभम रंजने की नाबाद 48 रन की पारी की मदद से शुक्रवार को यहां आईसीसी टी20 विश्व कप के ग्रुप ए मैच में नीदरलैंड के खिलाफ छह विकेट पर 196 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया।
मुक्कमल्ला की 51 गेंद की पारी में पांच चौके और चार छक्के जड़े थे। उन्होंने कप्तान मोनंक पटेल (36) के साथ दूसरे विकेट के लिए 55 रन और मुंबई के पूर्व ऑलराउंडर रंजने (24 गेंद, तीन चौके, दो छक्के) के साथ चौथे विकेट के लिए 54 रन जोड़े।
हैदराबाद में वीवीएस लक्ष्मण की क्रिकेट अकादमी में ट्रेनिंग ले चुके मुक्कमल्ला की बल्लेबाजी की खासियत उनके ‘ऑफ-साइड’ पर लगाए गए शॉट रहे जिसमें कवर्स के ऊपर लगे छक्के शामिल थे। वहीं रंजने ने पारी के अंत में नीदरलैंड के गेंदबाजों की योजना को असफल करते हुए रन जुटाए।
पाकिस्तान के खिलाफ अर्धशतक जड़ने वाले रंजने अच्छी फॉर्म में थे। जब दोनों खेल रहे थे तो लग रहा था कि स्कोर 200 रन के पार हो जाएगा। हालांकि लोगान वान बीक और बास डि लीडे ने धीमी पिच का फायदा उठाते हुए उन्हें इससे पहले ही रोक दिया।
नीदरलैंड के पूर्व तेज गेंदबाज टिम डि लीडे के बेटे डि लीडे ने अपने चार ओवर में 37 रन देकर तीन विकेट लिए।
भाषा
नमिता
नमिता

Facebook


