साकामोतो और क्रॉफर्ड दिल्ली ओपन के सेमीफाइनल में पहुंचे

साकामोतो और क्रॉफर्ड दिल्ली ओपन के सेमीफाइनल में पहुंचे

साकामोतो और क्रॉफर्ड दिल्ली ओपन के सेमीफाइनल में पहुंचे
Modified Date: February 20, 2026 / 07:28 pm IST
Published Date: February 20, 2026 7:28 pm IST

नयी दिल्ली, 20 फरवरी (भाषा) दूसरी वरीयता प्राप्त रेई साकामोतो ने दिल्ली ओपन टेनिस के एकल क्वार्टर फाइनल में शुक्रवार को यहां छठे वरीय फेडेरिको चीना को हराकर सेमीफाइनल का टिकट पक्का किया जहां उनका सामना पांचवें वरीय ओलिवर क्रॉफर्ड से होगा।

पूर्व जूनियर विश्व नंबर एक और 2024 ऑस्ट्रेलियाई ओपन बालक एकल चैंपियन जापान के साकामोतो ने एक सेट से पिछड़ने के बाद इटली के खिलाड़ी को 6-7, 6-3, 6-2 से हराया।

क्रॉफर्ड ने ब्रिटिश खिलाड़ियों के बीच हुए मुकाबले में जे क्लार्क को 3-6, 7-5, 6-3 से शिकस्त दी।

एकल वर्ग के दूसरे सेमीफाइनल में दो गैर-वरीय खिलाड़ी आमने-सामने होंगे जिसमें यूनान के स्टेफानोस साकेलारिडिस का मुकाबला ब्रिटेन के फेलिक्स गिल से होगा।

साकेलारिडिस ने जापान के आठवें वरीय रियो नो गुची को 6-0, 6-3 से जबकि गिल को बेल्जियम के माइकल गीर्ट्स को 4-6, 6-3, 6-4 से हराया।

सिद्धांत बांठिया एवं अलेक्जेंडर डोंस्की और निकी कलियान्दा पूनाचा एवं प्रुच्या इसारो की दो शीर्ष वरीयता प्राप्त जोड़ियां भी सेमीफाइनल में पहुंच गई हैं जिससे युगल स्पर्धा में भारतीय चैंपियन बनने की उम्मीद कायम है।

शीर्ष वरीय बांठिया और डोंस्की ने वाइल्ड कार्ड धारक दिविज शरण और करन सिंह को 6-3, 6-4 से हराया।

पिछले सप्ताह चेन्नई ओपन का खिताब जीतने वाले दूसरी वरीय जोड़ी पूनाचा और इसारो ने जीत की लय बरकरार रखते हुए स्विट्जरलैंड के लुका कास्टेलनुओवो और जापान के रियो नो गुची को 6-2, 6-2 से मात दी।

भाषा आनन्द मोना

मोना


लेखक के बारे में