सात्विक-चिराग की जोड़ी और लक्ष्य हारे, भारत थॉमस कप फाइनल में चीन से 0-2 से पीछे

सात्विक-चिराग की जोड़ी और लक्ष्य हारे, भारत थॉमस कप फाइनल में चीन से 0-2 से पीछे

सात्विक-चिराग की जोड़ी और लक्ष्य हारे, भारत थॉमस कप फाइनल में चीन से 0-2 से पीछे
Modified Date: April 29, 2026 / 05:01 pm IST
Published Date: April 29, 2026 5:01 pm IST

होर्सेंस (डेनमार्क), 29 अप्रैल (भाषा) लक्ष्य सेन तथा सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की युगल जोडी़ को करीबी हार का सामना करना पड़ा जिससे भारत बुधवार को यहां थॉमस कप फाइनल्स के ग्रुप ए के आखिरी मुकाबले में चीन से 0-2 से पीछे चल रहा है।

विश्व चैंपियनशिप 2021 के कांस्य पदक विजेता लक्ष्य को दुनिया के सातवें नंबर के खिलाड़ी ली शि फेंग से कड़ा संघर्ष करने के बावजूद तीन गेम तक चले मुकाबले में शिकस्त झेलनी पड़ी।

लक्ष्य ने पिछले महीने ‘ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप’ में ली को हराया था। वह बुधवार को निर्णायक गेम में उसी फॉर्म को दोहरा नहीं पाए और 19-21, 21-8, 12-21 से पराजित हो गए।

भारत को सात्विक और चिराग की दुनिया की चौथे नंबर की जोड़ी से मुकाबले को बराबर करने की उम्मीद थी। लेकिन पांच मैच प्वाइंट बचाने के बावजूद यह जोड़ी मौकों को भुनाने में नाकाम रही और आखिरकार पेरिस ओलंपिक के रजत पदक विजेता लियांग वेई केंग और वांग चांग से 13-21, 21-13, 24-26 से हार गई।

अब सारा दारोमदार आयुष शेट्टी पर होगा कि वह वेंग होंग यांग का सामना करते हुए भारत को इस मुकाबले में बनाए रखें। आयुष इस महीने की शुरुआत में एशिया चैंपियनशिप के उपविजेता रहे थे।

वहीं हरिहरन अमसकरुनन और एमआर अर्जुन की युगल जोड़ी ही जी टिंग और रेन जियांग यू की जोड़ी से भिड़ेगी।

पहले गेम में लक्ष्य 3-6 से पीछे चल रहे थे, उन्होंने क्रॉस कोर्ट स्लाइस और तेज स्मैश के बाद ली के शॉट के बाहर जाने से वापसी करते हुए स्कोर बराबर कर लिया। दोनों खिलाड़ियों के बीच जोरदार स्मैश लगे जिसके बाद ली ने 10-8 की बढ़त बना ली और ब्रेक तक बढ़त बनाए रखी।

ब्रेक के बाद लक्ष्य ने 14-13 से आगे निकल गए। लेकिन मुकाबला बेहद कड़ा हो गया और दोनों खिलाड़ी 19-19 पर बराबरी पर आ गए। इसके बाद ली ने लगातार दो निर्णायक अंक हासिल करते हुए पहला गेम जीत लिया।

दूसरा गेम पूरी तरह से एकतरफा रहा। ली की तरफ से हुई कई गलतियों का फायदा उठाते हुए लक्ष्य तेजी से 5-0 और फिर 11-2 से आगे निकल गए। भारतीय खिलाड़ी ने लगातार दबाव बनाए रखा और मुकाबले को निर्णायक तीसरे गेम तक खींच ले गए।

तीसरे गेम में लक्ष्य 1-4 से पिछड़ रहे थे लेकिन उन्होंने वापसी करते हुए स्कोर 7-7 से बराबर कर लिया। हालांकि ब्रेक के समय तक ली ने लक्ष्य की गलतियों से बढ़त बना ली थी।

लक्ष्य ने 10-12 के स्कोर पर एक सटीक क्रॉस कोर्ट रिटर्न के साथ एक लंबी रैली जीतकर ली के लिए चुनौती पेश की। लेकिन उनके स्मैश में बार-बार हुई गलतियों ने ली को फिर से मैच पर नियंत्रण बनाने का मौका दे दिया।

चीन के खिलाड़ी ने अपनी बढ़त को 17-12 तक बढ़ा दिया और जल्द ही आठ मैच प्वाइंट हासिल कर लिए। उन्होंने एक शानदार क्रॉस कोर्ट स्मैश लगाकर जीत दर्ज की।

भाषा नमिता सुधीर

सुधीर


लेखक के बारे में