सात्विक-चिराग की जोड़ी उलटफेर का शिकार, तनिशा-ध्रुव मिश्रित युगल के क्वार्टर फाइनल में

सात्विक-चिराग की जोड़ी उलटफेर का शिकार, तनिशा-ध्रुव मिश्रित युगल के क्वार्टर फाइनल में

सात्विक-चिराग की जोड़ी उलटफेर का शिकार, तनिशा-ध्रुव मिश्रित युगल के क्वार्टर फाइनल में
Modified Date: September 25, 2026 / 02:32 pm IST
Published Date: September 25, 2026 2:32 pm IST

नागोया, 25 सितंबर (भाषा) गत चैंपियन सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की भारतीय जोड़ी को शुक्रवार को एशियाई खेलों की बैडमिंटन प्रतियोगिता के पुरुष युगल के पहले दौर में चौंकाने वाली हार का सामना करना पड़ा लेकिन मिश्रित युगल में तनिशा क्रास्टो और ध्रुव कपिला ने लगातार दो जीत दर्ज कर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली।

पूर्व विश्व नंबर एक सात्विक और चिराग ने पहला गेम 21-12 से जीतकर अच्छी शुरुआत की, लेकिन थाईलैंड के पक्कापोन तीरारत्साकुल और पीराचाई सुकफुन ने वापसी करते हुए दूसरा गेम 21-19 से जीत लिया। थाईलैंड की जोड़ी ने निर्णायक गेम 21-14 से जीतकर एक घंटे आठ मिनट में भारतीय जोड़ी को बाहर कर दिया।

तनिशा और ध्रुव ने पहले दौर में मालदीव की निबाल अहमद और अमिनाथ नबीहा अब्दुल रज्जाक को 21-8, 21-7 से हराया। इसके बाद उन्होंने मलेशिया की शेवन जेनी लाई और सून हुआट गोह की जोड़ी को एक घंटे चले कड़े मुकाबले में 22-20, 24-22 से हराकर अंतिम आठ में जगह बनाई। क्वार्टर फाइनल में उनका सामना चीन की यान झे फेंग और डोंगपिंग हुआंग की जोड़ी से होगा।

इससे पहले महिला एकल में उन्नति हुड्डा ने भी दूसरे दौर में प्रवेश किया। उन्होंने उत्तर कोरिया की मी सोंग यू को 30 मिनट में 21-9, 21-10 से हराया।

टीम स्पर्धाओं में भारत का प्रदर्शन मिला-जुला रहा। पीवी सिंधू की अगुआई वाली महिला टीम पदक नहीं जीत सकी, जबकि पुरुष टीम को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। टीम पिछले आयोजन के रजत पदक को बेहतर नहीं कर सकी।

भाषा आनन्द आनन्द

आनन्द


लेखक के बारे में